
भूमि पेडनेकर के करियर की 5 सबसे कमाऊ फिल्में, आयुष्मान खुराना के साथ दी 3 हिट
क्या है खबर?
भूमि पेडनेकर का नाम उन अभिनेत्रियों में शामिल है, जिन्होंने अपनी उम्दा अदाकारी के जरिए दर्शकों के दिलों में एक खास पहचान बनाई है। उन्होंने अपने अभिनय करियर की शुरुआत फिल्म 'दम लगा के हईशा' से की थी और पहली ही फिल्म से भूमि ने दर्शकों का दिल जीत लिया। इसके बाद उन्होंने कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा। भूमि 36 साल की हो गई हैं। ऐसे में आइए उनकी 5 सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्मों के बारे में जानें।
#1
'टॉयलेट: एक प्रेम कथा'
साल 2017 में आई फिल्म 'टॉयलेट: एक प्रेम कथा' भूमि के करियर के लिए मील का पत्थर साबित हुई। यह उनके करियर की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली है। इसमें उनकी जोड़ी अक्षय कुमार के साथ बनी थी, जिसे काफी पसंद किया गया। श्री नारायण सिंह के निर्देशन में बनी फिल्म 'टॉयलेट: एक प्रेम कथा' ने दुनियाभर में 316.97 करोड़ रुपये का कारोबार किया था, जबकि फिल्म का बजट 18 करोड़ रुपये था। फिल्म नेटफ्लिक्स और ZEE5 पर उपलब्ध है।
#2
'बाला'
अमर कौशिक के निर्देशन में बनी फिल्म 'बाला' को काफी पसंद किया गया था। साल 2019 में आई इस फिल्म में पहली बार आयुष्मान खुराना, भूमि पेडनेकर और यामी गौतम की तिकड़ी नजर आई थी। दिनेश विजान इस फिल्म के निर्माता हैं। फिल्म 'बाला' ने दुनियाभर में 162 करोड़ रुपये जुटाए थे, वहीं इस फिल्म को बनाने में केवल 35 करोड़ रुपये लगे थे। इस फिल्म को आप जियो हॉटस्टार पर देख सकते हैं।
#3
'पति पत्नी और वो'
भूमि की तीसरी सबसे कमाई करने वाली फिल्म 'पति पत्नी और वो' है, जिसमें उनकी जोड़ी कार्तिक आर्यन के साथ बनी थी। मुदस्सर अजीज के निर्देशन में बनी इस फिल्म में अनन्या पांडे ने भी अहम भूमिका निभाई थी। भूषण कुमार ने फिल्म का निर्माण किया था। 40 करोड़ रुपये की लागत में बनी इस फिल्म ने दुनियाभर में 109 करोड़ रुपये जुटाए थे। भूमि की यह फिल्म अमेजन प्राइम वीडियो पर देखी जा सकती है।
#4
'शुभ मंगल सावधान'
आरएस प्रसन्ना के निर्देशन में बनी फिल्म 'शुभ मंगल सावधान' को 1 सितंबर, 2017 को सिनेमाघरों में रिलीज किया गया था। आनंद एल राय द्वारा निर्मित इस फिल्म को दर्शकों का खूब प्यार मिला था। इसमें भूमि के साथ आयुष्मान नजर आए थे। 'शुभ मंगल सावधान' दुनियाभर में 64.06 करोड़ रुपये कमाने में सफल रही, वहीं इसका बजट 25 करोड़ रुपये था। इस फिल्म को आप OTT प्लेटफॉर्म ZEE5 पर देख सकते हैं।
#5
'दम लगा के हईशा'
भूमि की पांचवीं सबसे कमाऊ फिल्म भी आयुष्मान के साथ आई 'दम लगा के हईशा' है, जिसका बजट केवल 12 करोड़ रुपये था और इसने दुनियाभर में 42.79 करोड़ रुपये कमाए थे। इस फिल्म के जरिए भूमि ने बॉलीवुड में अपनी शुरुआत की थी। इस फिल्म के निर्देशन की कमान शरत कटारिया ने संभाली थी, वहीं मनीष शर्मा इसके निर्माता थे। अमेजन प्राइम वीडियो पर फिल्म 'दम लगा के हईशा' उपलब्ध है।