'भूत बंगला' ने बॉक्स ऑफिस पर पकड़ बरकरार, 'धुरंधर 2' का दबदबा चरमराया
क्या है खबर?
अक्षय कुमार की हॉरर कॉमेडी फिल्म 'भूत बंगला' कारोबारी दिनों में आकर एकल आंकड़े पर सिमट गई है। इसके बावजूद फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर अपनी मजबूत पकड़ को बनाए रखा है। प्रियदर्शन द्वारा निर्देशित यह फिल्म 17 अप्रैल को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। रिलीज के 6 दिन पूरे करने के बाद अक्षय की फिल्म दैनिक कमाई में रणवीर सिंह की 'धुरंधर 2' से आगे निकल गई है। आइए जानते हैं इन दोनों फिल्मों की ताजा कमाई के आंकड़े।
कलेक्शन
'भूत बंगला' ने छठे दिन किया दमदार कलेक्शन
सैकनिल्क के मुताबिक, 'भूत बंगला' ने 6वें दिन, यानी बुधवार को 6.15 करोड़ रुपये कमाए हैं। इस तरह घरेलू बॉक्स ऑफिस पर कुल नेट कलेक्शन 78.90 करोड़ रुपये हो गया है। यह जल्द ही 100 करोड़ के क्लब में अपनी जगह पक्की करने उतरेगी। वहीं दुनियाभर में इसने कुल 127.37 करोड़ रुपये कमा लिए हैं। देखा जाए तो कारोबारी दिनों में आंकड़ों में गिरावट आना आम बात है, लेकिन फिर भी 'भूत बंगला' ने अपनी पकड़ को नहीं छोड़ा है।
धुरंधर 2
'धुरंधर 2' की कमाई में आने लगी गिरावट
उधर रणवीर की फिल्म 'धुरंधर 2' दुनियाभर में गदर काटने के बाद अब थमने लगी है। सैकनिल्क के मुताबिक, इसने अपने 5वें सप्ताह में आकर 35वें दिन 1.70 करोड़ रुपये का कारोबार किया है। एक महीने से ज्यादा वक्त बॉक्स ऑफिस पर निकालने के बाद इसने 1,121.09 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया है। अब देखना दिलचस्प होगा कि क्या यह आमिर खान की फिल्म 'दंगल' (2,070.30 करोड़) का रिकॉर्ड तोड़ने में कामयाब हो पाएगी।