'भूत बंगला' की कमाई में चौथे दिन गिरावट, 64 करोड़ रुपये के पार पहुंचा कारोबार
क्या है खबर?
अक्षय कुमार की हॉरर कॉमेडी फिल्म 'भूत बंगला' दर्शकों को काफी पसंद आ रही है। इस फिल्म के जरिए अभिनेता ने निर्देशक प्रियदर्शन के साथ 14 साल बाद वापसी की है और फिल्म के जरिए लोगों का खूब ध्यान आकर्षित कर रहे हैं। वीकेंड पर बॉक्स ऑफिस पर धमाल मचाने के बाद फिल्म कारोबारी दिनों में लौट आई है। अब चौथे दिन की कमाई के आंकड़े सामने आ चुके हैं।
कमाई
'भूत बंगला' ने चौथे दिन किया सबसे कम कारोबार
अक्षय, वामिका गब्बी और राजपाल यादव अभिनीत 'भूत बंगला' ने रिलीज के 4 दिन पूरे कर लिए हैं। सैकनिल्क के मुताबिक, इसने चौथे दिन 6.75 करोड़ रुपये कमाए हैं। देखा जाए तो पिछले दिनों के मुकाबले यह अब तक का सबसे कम कारोबार है, क्योंकि तीसरे दिन इसने 23 करोड़ और दूसरे दिन 19 करोड़ रुपये कमाए थे। फिल्म का कुल नेट कारोबार 64.75 करोड़ रुपये हो गया है, लेकिन 100 करोड़ के क्लब से कमाई काफी दूर है।
फिल्म
'धुरंधर 2' के लिए मुश्किल हुई कमाई की डगर
उधर रणवीर सिंह की फिल्म 'धुरंधर 2' कारोबारी दिनों में लौटकर फिर से सुस्त पड़ गई है। सैकनिल्क के मुताबिक, फिल्म ने रिलीज के 33वें दिन 1.62 करोड़ रुपये का कारोबार किया है। इसके बाद फिल्म की कुल नेट कमाई 1,117.29 करोड़ रुपये हो गई है। फिल्म ने दुनियाभर के बॉक्स ऑफिस पर भी 1,791.42 करोड़ रुपये का कलेक्शन पार कर लिया है। यह बॉलीवुड में 1,000 करोड़ रुपये से ज्यादा कमाने वाली पहली फिल्म बन गई है।