अक्षय कुमार की 'भूत बंगला' का एडवांस बुकिंग में शोर, पहले दिन इतनी हुई कमाई
क्या है खबर?
अक्षय कुमार की फिल्म 'भूत बंगला' रिलीज से बस कुछ दिन दूर है। इसके जरिए अभिनेता हॉरर-कॉमेडी शैली में वापसी कर रहे हैं। इसके निर्देशन की कमान प्रियदर्शन ने संभाली है। 14 अप्रैल से भारत में फिल्म की एडवांस बुकिंग शुरू हो गई है। दर्शक ऑनलाइन और ऑफलाइन के माध्यम से टिकट बुक करना शुरू कर चुके हैं। शुरुआती अनुमानों के अनुसार, फिल्म की अच्छी ओपनिंग होने की उम्मीद है। आइए जानते हैं इसके पहले दिन की एडवांस बुकिंग।
शुरुआती कमाई
'भूत बंगला' की एडवांस बुकिंग में कमाई
सैकनिल्क के मुताबिक, 'भूत बंगला' ने पहले दिन 3,086 शो के लिए कुल 8,313 टिकटों की बिक्री कर ली है। इस तरह 24 घंटे कं अंदर फिल्म ने 14.65 लाख रुपये की अग्रिम कमाई कर ली है। आरक्षित सीटों को शामिल करने पर यह आंकड़ा 40.79 लाख रुपये तक पहुंच गया है। एडवांस बुकिंग शुरू होते ही फिल्म ने अच्छी रफ्तार पकड़ ली है और कमाई भी सकारात्मक रूप से आगे बढ़ रही है।
रिलीज
इस तारीख को रिलीज होगी 'भूत बंगला'
'भूत बंगला' को केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (CBFC) ने U/A 16+ प्रमाण पत्र देकर पास किया है। फिल्म की कुल अवधि 164.52 मिनट, यानी 2 घंटे, 44 मिनट और 52 सेकंड बताई जाती है। भारत में 'भूत बंगला' के प्रिव्यू शोज 16 अप्रैल की रात 9 बजे से शुरू किए जा रहे हैं। वहीं फिल्म 17 अप्रैल को सिनेमाघरों मेंं रिलीज होगी। फिल्म में वामिका गब्बी, राजपाल यादव, तब्बू, परेश रावल और असरानी भी शामिल हैं।