
भोजपुरी गायक विनय शर्मा को पुलिस ने 21 किलो गांजे के साथ किया गिरफ्तार
क्या है खबर?
भोजपुरी इंडस्ट्री से जुड़ी एक बड़ी खबर सामने आई है। दरअसल, भोजपुरी गायक विनय शर्मा को ड्रग्स तस्करी के आरोप में गिरफ्तार कर लिया गया है।
दिल्ली पुलिस ने उनके पास से 21 किलो 508 ग्राम गांजा बरामद किया है।
10 अगस्त को ही नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) को सूचना मिल गई थी कि कोई विनय नाम का ड्रग तस्कर इंद्रपुरी के टोडापुर गांव में किसी से मिलने आने वाला है।
इसलिए पुलिस पहले से सर्तक थी।
रिपोर्ट
मुखबिर के इशारे पर विनय को पुलिस ने शिकंजे में लिया
आजतक के अनुसार, सूचना मिलने के बाद NCB की एक टीम को दिल्ली के इंद्रपुरी स्थित टोडापुर गांव के पास तैनात किया गया।
10 अगस्त को करीब रात 10:30 बजे एक व्यक्ति को देखा गया, जिसे मुखबिर ने विनय के रूप में पहचाना।
मुखबिर की पहचान के बाद NCB की टीम ने गांजे के साथ विनय को अपने शिंकजे में ले लिया। 31 वर्षीय विनय बिहार के सीवान के निवासी हैं।
मामला
NDPS एक्ट के तहत दर्ज किया गया मामला
ANI को पुलिस ने बताया, "टीम ने उसे पकड़ लिया है। पूछताछ करने पर उसकी पहचान 31 वर्षीय विनय के रूप में हुई है, जो बिहार के सीवान का निवासी है। वह एक प्रसिद्ध भोजपुरी गायक है, जिसने 100 से अधिक गाने गाए हैं। तलाशी में उसके पास से कुल 21 किलो 508 ग्राम गांजा बरामद किया गया।"
इंद्रपुरी पुलिस स्टेशन में धारा 20 के नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंस (NDPS) एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
जानकारी
गांजे के स्रोत का पता लगाने के लिए पुलिस ने शुरू की जांच
पुलिस ने कहा कि गांजे के स्रोत का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी गई है। ड्रग तस्कर को पकड़ने के लिए एक टीम गठित की गई थी, जिसमें SI संदीप, ASI किरण सिंह, हेड कॉन्सटेबल विजय सिंह और लेखराज शामिल थे।
न्यूजबाइट्स प्लस
ड्रग मामले में इन बॉलीवुड सितारों से हो चुकी है पूछताछ
कुछ समय पहले ही दिग्गज अभिनेता शक्ति कपूर के बेटे सिद्धांत कपूर को ड्रग से जुड़े केस में बेंगलुरु में गिरफ्तार किया गया था। हालांकि, बाद में उन्हें जमानत दे दी गई।
पिछले साल शाहरुख खान के बेटे आर्यन खान को भी क्रूज ड्रग्स मामले में गिरफ्तार किया गया था।
रिया चक्रवर्ती, दीपिका पादुकोण, कृति सैनन, रकुल प्रीत सिंह, सारा अली खान, आयुष शर्मा और अन्य A-लिस्ट सेलिब्रिटीज को भी ड्रग्स मामले में तलब किया गया था।