Page Loader
जन्मदिन विशेष: मुमताज की ये बेहतरीन फिल्में जीत लेंगी दिल, जानिए कहां देखें
मुमताज की बेहतरीन फिल्में (तस्वीर : ट्विटर /@SAMTHEBESTEST_)

जन्मदिन विशेष: मुमताज की ये बेहतरीन फिल्में जीत लेंगी दिल, जानिए कहां देखें

लेखन मेघा
Jul 31, 2023
07:35 am

क्या है खबर?

हिंदी सिनेमा की दिग्गज अभिनेत्री मुमताज की खूबसूरती और अभिनय के आज भी लोग दीवाने हैं। भले ही अभिनेत्री कई दशकों से फिल्मी पर्दे से दूरी बनाए हुए हैं, लेकिन उनकी फिल्मों और गानों का जादू आज भी बरकरार है। 31 जुलाई 1947 को मुंबई में जन्मी मुमताज ने अपने करियर में कई बेहतरीन फिल्मों में काम कर लोगों का दिल जीता है। आइए आज अभिनेत्री के जन्मदिन के मौके पर उनकी कुछ बेहतरीन फिल्मों पर नजर डालते हैं।

#1

'दो रास्ते'

1969 में राजेश खन्ना के साथ आई मुमताज की फिल्म 'दो रास्ते' उनकी पहली सबसे बड़ी हिट साबित हुई थी। इस फिल्म की कहानी एक युवक की है, जो अपने पिता से किए गए वादे को पूरा करने के लिए अपनी सौतेली मां और सौतेले भाइयों की देखभाल करता है। इस फिल्म के 'बिंदिया चमकेगी', 'छुप गए सारे नजारे', 'ये रेशमी जुल्फें' जैसे कई गाने आज भी काफी मशहूर हैं। यह फिल्म अमेजन प्राइम वीडियो पर उपलब्ध है।

#2

'खिलौना'

चंदर वोहरा की 'खिलौना' की कहानी गुलशन नंदा के उपन्यास 'पत्थर के होंठ' पर आधारित थी। इसकी कहानी एक लड़की की थी, जो पिता के अनुरोध पर मानसिक रूप से परेशान व्यक्ति की मदद के लिए उसकी पत्नी का नाटक करती है। हालांकि, उसका परिवार यह स्वीकार नहीं करता और उसके साथ दुर्व्यवहार होता है। इस फिल्म में मुमताज के अलावा संजीव कुमार, शत्रुघ्न सिन्हा, दुर्गा खोटे और बिपिन गुप्ता शामिल थे। यह फिल्म अमेजन प्राइम वीडियो पर उपलब्ध है।

#3

'तेरे मेरे सपने'

'तेरे मेरे सपने' 1971 में रिलीज हुई थी, जिसका निर्देशन विजय आनंद ने किया था। फिल्म में मुमताज, देव आनंद, विजय और हेमा मालिनी मुख्य भूमिका में थे, जिनके प्रदर्शन को काफी पसंद किया गया था। यह एक सफल डॉक्टर की कहानी कहती है, जो मुंबई में अपनी पत्नी के साथ रहता है और एक हाई प्रोफाइल डॉक्टर बन जाता है। बाद में वह पैसे के कारण अपने सभी प्रियजनों को खो देता है। यह फिल्म यूट्यूब पर मौजूद है।

#4

'अपराध'

फिरोज खान की 1972 में आई फिल्म 'अपराध' भी मुमताज की बेहतरीन फिल्मों में शुमार है, जिसमें उनके अभिनय को पसंद किया गया था। फिल्म में एक रेस कार ड्राइवर को दिखाया गया है, जिसे आभूषण चोरी करने वाली महिला से प्यार हो जाता है। इसके बाद जब उसके पास से चोरी के हीरे मिलते हैं तो उसे जेल जाना पड़ता है। यूट्यूब पर मौजूद इस फिल्म में मुमताज के अलावा प्रेम चोपड़ा, फिरोज और एमबी शेट्टी शामिल थे।

#5

'सच्चा झूठा'

मुमताज 1970 में आई 'सच्चा झूठा' में राजेश और विनोद खन्ना के साथ नजर आई थीं। यह खलनायक के रूप में राजेश की पहली फिल्म थी। फिल्म का गाना 'मेरी प्यारी बहनिया बनेगी दुल्हनिया' उस समय भी काफी मशहूर हुआ था और आज भी लोग पसंद करते हैं। बाद में 'सच्चा झूठा' का तमिल में रीमेक बनाया गया, जिसमें एमजीआर ने राजेश के किरदार को निभाया था। यह फिल्म अमेजन प्राइम वीडियो पर देखने के लिए उपलब्ध है।