
#BirthdaySpecial: इन पांच फिल्मों के किरदार अनुपम खेर को बनाते हैं सुपरस्टार
क्या है खबर?
बॉलीवुड अभिनेता अनुपम खेर गुरुवार को अपना 64वां जन्मदिन मना रहे हैं।
अनुपम का जन्म 07 मार्च, 1955 को शिमला में हुआ था।
थिएटर से सिनेमा का सफर तय करने वाले अनुपम खेर अलग-अलग तरह के रोल करने के लिए जाने जाते हैं।
अनुपम अब तक तकरीबन 500 फिल्मों में काम कर चुके हैं।
तो आइए अनुपम के जन्मदिन पर जानते हैं, वह पांच यादगार किरदार, जिससे वह लोगों के दिलों पर राज कर रहे हैं।
किरदार 1
डेब्यू फिल्म 'सारांश' में निभाया था 60 वर्षीय बुजुर्ग का किरदार
अनुपम ने साल 1984 में फिल्म 'सारांश' से बॉलीवुड में डेब्यू किया था। पहली ही फिल्म में अनुपम ने दर्शकों पर अपने अभिनय की गहरी छाप छोड़ दी थी।
'सारांश' में अनुपम ने एक 60 वर्षीय बुजुर्ग का किरदार निभाया था। तब अनुपम की उम्र महज 28 साल थी।
महेश भट्ट के निर्देशन में बनी ये फिल्म आज भी अनुपम की सर्वश्रेष्ठ फिल्मों में से एक है।
अनुपम के रोल के लिए पहले संजीव कुमार को कास्ट किया गया था।
जानकारी
डॉक्टर डैंग का किरदार दर्शकों को पसंद
साल 1986 में अनुपम, 'कर्मा' में बतौर खलनायक नज़र आए। इसमें उनके सामने अभिनय सम्राट दिलीप कुमार थे, लेकिन अनुपम अपने दमदार अभिनय से दर्शकों का दिल जीतने में सफल रहे। डॉक्टर डैंग का किरदार दर्शकों को काफी पसंद आया था।
किरदार 3
'डैडी' में अपने अभिनय से दर्शकों को कर दिया था दीवाना
साल 1989 में रिलीज़ हुई फिल्म 'डैडी', अनुपम के लिए अहम फिल्म साबित हुई। फिल्म का निर्देशन महेश भट्ट ने किया था।
इसमें अपने भावुक किरदार को अनुपम ने सधे हुये अंदाज में निभाकर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया था।
अपने दमदार अभिनय के लिये वह राष्ट्रीय पुरस्कार के स्पेशल ज्यूरी पुरस्कार से भी सम्मानित किये गये।
इसमें अनुपम खेर के अलावा पूजा भट्ट, सोनी राजदान और नीना गुप्ता ने भी मुख्य किरदार निभाया था।
किरदार 4
'मैंने गांधी को नहीं मारा' में सराहा गया अनुपम का अभिनय
साल 2005 में आई फिल्म 'मैंने गांधी को नहीं मारा' में अनुपम ने कमाल की एक्टिंग की।
फिल्म में उन्होंने एक ऐसे बूढ़े का किरदार निभाया था, जिसे वहम हो जाता है कि उसने गांधी की हत्या की है।
फिल्म में उर्मिला मातोंडकर ने अनुपम की बेटी का किरदार निभाया था।
हालांकि फिल्म को बॉक्स ऑफिस पर सफलता नहीं मिली, किंतु अनुपम के अभिनय को काफी सराहा गया।
फिल्म को खुद अनुपम ने ही प्रोड्यूस किया था।
किरदार 5
पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के किरदार को अनुपम ने बखूबी किया कॉपी
इस साल जनवरी में अनुपम की फिल्म 'द एक्सीडेंटल प्राइम मिनिस्टर' रिलीज़ हुई।
फिल्म में अनुपम ने पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह का किरदार निभाया था। अनुपम के अभिनय को खूब सराहा गया।
फिल्म में मनमोहन सिंह के किरदार में ढलने के लिए अनुपम ने उनकी आवाज़ को बखूबी कॉपी किया था।
अनुपम ने एक साक्षात्कार में बताया था कि इस किरदार के लिए उन्होंने हज़ारों घंटे यूट्यूब पर बैठकर मनमोहन सिंह का वीडियो देखा था।