दिलजीत दोसांझ की 'सतलुज' ZEE5 से हुई गायब, प्लेटफॉर्म ने बताई वजह; क्या है वापसी का प्लान?
दिलजीत दोसांझ की नई फिल्म 'सतलुज' ZEE5 इंडिया से हटा दी गई है। यह फिल्म तब हटाई गई, जब कुछ दिनों पहले खुद दिलजीत ने एक लाइवस्ट्रीम के दौरान इसके हटाए जाने का इशारा दिया था।
यह फिल्म कार्यकर्ता जसवंत सिंह खालरा के जीवन पर आधारित है, जिन्होंने पंजाब में उग्रवाद के दौर में हुए गैर-कानूनी दाह-संस्कारों को उजागर करने के लिए लंबी लड़ाई लड़ी थी।
इस फिल्म को शुरुआत से ही कई मुश्किलों का सामना करना पड़ा था। जब फिल्म को लेकर अफवाहें जोर पकड़ने लगीं, तब दिलजीत ने खुद सामने आकर अपने प्रशंसकों को समझाया और कहा, 'अब कोई चिंता नहीं है, सबने इसे डाउनलोड कर लिया है।'
ZEE5 ने दिलाया 'सतलुज' की वापसी का भरोसा
ZEE5 ने अब पुष्टि कर दी है कि फिल्म को उनके प्लेटफॉर्म से हटा लिया गया है। उन्होंने दर्शकों को उनके समर्थन के लिए धन्यवाद भी दिया है।
कंपनी ने यह भी बताया कि वे कानूनी माध्यमों से 'सतलुज' को वापस लाने की कोशिश कर रहे हैं और फिल्म निर्माताओं के दृष्टिकोण का पूरी तरह समर्थन करते हैं।
हनी त्रेहन के निर्देशन में बनी इस फिल्म में अर्जुन रामपाल और कई अन्य कलाकार भी हैं।