'सरफिरा' से पहले इन फिल्मों में साथ दिखे अक्षय कुमार और परेश रावल
क्या है खबर?
बॉलीवुड सुपरस्टार अक्षय कुमार इन दिनों अपनी फिल्म 'सरफिरा' के लिए सुर्खियां बटोर रहे हैं।
अभिनेता की जोड़ी फिल्म में राधिका मदान के साथ बनी है। इसमें अक्षय के साथ परेश रावल भी अहम भूमिका में हैं। दोनों की जोड़ी को दर्शक पर्दे पर देखने के लिए काफी उत्साहित हैं।
परेश और अक्षय को तकरीबन 12 साल बाद साथ में काम करते देखा जाएगा। इससे पहले भी दोनों कई फिल्मों में नजर आए हैं।
चलिए जानते हैं उनके बारे में।
#1 और #2
'हेरा फेरी' फ्रेंचाइजी और 'ओह माय गॉड'
अक्षय और परेश 'हेरा फेरी' फ्रेंचाइजी की 'हेरा फेरी' और 'फिर हेरा फेरी' में दिखे थे। दोनों को राजू और बाबू भैया के किरदार में दर्शकों द्वारा खूब पसंद किया गया। इनमें उनके साथ सुनील शेट्टी भी दिखाई दिए थे।
साल 2012 में रिलीज हुई फिल्म 'ओह माय गॉड' में जहां अक्षय भगवान कृष्ण के रूप में देखा गया था, वहीं परेश ने एक दुकानदार की भूमिका निभाई थी, जो भगवान के खिलाफ अदालत जाता है।
#3 और #4
'गरम मसाला' और 'आवारा पागल दीवाना'
साल 2005 में रिलीज हुई कॉमेडी फिल्म 'गरम मसाला' को दर्शक आज भी देखना पसंद करते हैं। परेश फिल्म में कई लड़कियों के साथ एक ही समय पर रिश्ता रखने वाले अक्षय और जॉन अब्राहम के घर में बावर्ची का काम करते नजर आए थे।
'आवारा पागल दीवाना' भी एक कॉमेडी फिल्म है, जिसमें परेश और अक्षय की जुगलबंदी से दर्शक ठहाके लगाने पर मजबूर हो उठते हैं। इसमें सुनील, आफताब शिवदसानी और जॉनी लीवर भी हैं।
#5 और #6
'वेलकम' और 'भूल भुलैया'
अक्षय और कैटरीना कैफ की फिल्म 'वेलकम' को कौन भूल सकता है। फिल्म ने जिस तरह से दर्शकों को गुदगुदाया, वो काबिल-ए-तारीफ है। फिल्म में परेश ने अक्षय के मामा का किरदार निभाया था और दोनों ने मिलकर खूब हंसाया था।
अक्षय की सुपरहिट हॉरर-कॉमेडी फिल्म 'भूल भुलैया' में भी परेश की हिस्सेदारी देखने को मिली थी। दोनों कलाकारों ने अपने किरदारों में जान फूंकने का काम किया था। सभी ने फिल्म को खूब प्यार दिया था।
#7 और #8
'दे दना दन' और 'भागम भाग'
साल 2009 में रिलीज हुई फिल्म 'दे दना दन' में भी अक्षय, परेश और सुनील की जोड़ी ने दर्शकों को गुदगुदाने का काम किया था। फिल्म में राजपाल यादव, कैटरीना और जॉनी से कलाकार भी अहम भूमिकाओं में थे। 'दे दना दन' को सबने खूब पसंद किया था।
गोविंदा और अक्षय जैसे सितारों से सजी 'भागम भाग' में भी परेश का अहम योगदान था। इस फिल्म में भी अक्षय और अभिनेता को जोड़ी दर्शकों का मनोरंजन करती दिखी थी।
जानकारी
इन फिल्मों में भी दिखे साथ
इनके अलावा अक्षय और परेश की जोड़ी को 'मोहरा', 'आंखें', 'आन: मैन एट वर्क', 'दीवाने हुए पागल', 'ऐतराज', 'कायदा कानून', 'अंगारे', 'इंसाफ', 'आरजू', 'दिल की बाजी' और 'मिस्टर एंड मिसेज खिलाड़ी' जैसी फिल्मों में काम करते देखा गया।