Page Loader
नवाजुद्दीन की 'अफवाह' से पहले OTT पर देखिए सामाजिक मुद्दों को चोट करतीं ये फिल्में
OTT पर मौजूद हैं सामाजिक संदेश देतीं ये शानदार फिल्में (तस्वीर: टि्वटर/@ayushmannk)

नवाजुद्दीन की 'अफवाह' से पहले OTT पर देखिए सामाजिक मुद्दों को चोट करतीं ये फिल्में

Apr 27, 2023
06:11 pm

क्या है खबर?

अनुभव सिन्हा 'मुल्क', 'आर्टिकल 15', 'थप्पड़' और 'भीड़' के बाद फिर सामाजिक विषय पर 'अफवाह' नाम की फिल्म लेकर आ रहे हैं। इसमें नवाजुद्दीन सिद्दीकी और भूमि पेडनेकर मुख्य भूमिका में हैं। 5 मई को यह फिल्म रिलीज होने वाली है। इसमें दिखाया है कि एक अफवाह कैसे सच्चाई बन जाती है, जिसकी वजह से मासूम लोगों की बलि चढ़ती है। OTT पर ऐसी कई फिल्में मौजूद हैं, जो बड़ा सामाजिक संदेश दे जाती हैं। एक नजर उन्हीं फिल्मों पर।

#1

'न्यूटन'

फिल्म 'न्यूटन' समाज में बहुत ही प्रासंगिक संदेश छोड़ती है। इस फिल्म में राजकुमार राव ने मुख्य भूमिका निभाई और एक बार फिरअपने अभिनय से दर्शकों का दिल जीत लिया। इस फिल्म में मतदान के दौरान होने वाली हेराफेरी को दिखाया गया है। मतदान जैसे मुद्दे पर बनाई गई इस फिल्म की काफी तारीफ हुई। इसे भारत की तरफ से आधिकारिक एंट्री के रूप में ऑस्कर भी भेजा गया था। अमेजन प्राइम वीडियो पर आप यह फिल्म देख सकते हैं।

#2

'सुई धागा: मेड इन इंडिया'

अगर आपने वरुण धवन और अनुष्का शर्मा के अभिनय से सजी फिल्म 'सुई धागा' देखी होगी तो आपको याद होगा कि फिल्म किस विषय पर आधारित थी। यह फिल्म मध्यमवर्गीय परिवार की कहानी दर्शाती है। फिल्म के जरिए लोगों तक 'मेक इन इंडिया' के संदेश को पहुंचाने की कोशिश की गई। फिल्म में वरुण-अनुष्का पति-पत्नी बने हैं, जो दिन-रात मेहनत कर खुद का बनाया हुआ उत्पाद बाजार में लाते हैं। यह फिल्म अमेजन प्राइम वीडियो पर मौजूद है।

#3

'बधाई हो'

अधेड़ उम्र के जोड़े की प्रेग्नेंसी पर आधारित इस फिल्म को दर्शकों ने काफी सहारा था। आयुष्मान खुराना, नीना गुप्ता और गजराज राव अभिनीत यह फिल्म डिज्नी+हॉटस्टार पर मौजूद है। जब बच्चे बड़े हो जाते हैं और मां बाप फिर से माता-पिता बनने वाले होते हैं तो समाज में उन्हें किस तरह ताने दिए जाते हैं। इसके साथ ही बच्चों के साथ साथ समाज में मां-बाप को कैसी दृष्टि से देखा जाता है, वो इस फिल्म में दिखाया गया है।

#4

'क्या कहना'

आज भले ही हम कितने ही आधुनिक क्यों न हो गए हों, लेकिन आज भी शादी से पहले एक लड़की का मां बनना और प्रेग्नेंट होना स्वीकार नहीं किया जाता है। यह एक कड़वा सत्य है। फिल्म 'क्या कहना' की कहानी में अभिनेत्री प्रीति जिंटा शादी से पहले ही प्रेग्नेंट हो जाती है और वह एक बिन ब्याही मां बनती है।​ इस विषय पर पहली बार यही फिल्म बनी थी। यह फिल्म MX प्लेयर पर देखी जा सकती है।

#5

'फिलहाल'

आज बच्चे को जन्म देने के लिए सरोगेसी आम तरीका है, लेकिन 2002 में जब मेघना गुलजार की फिल्म फिलहाल आई थी, तब यह बड़ी बात हुआ करती थी। इसकी कहानी एक ऐसी महिला की है, जो खुद मां नहीं बन सकती, इसलिए वह बच्चे को जन्म देने के लिए किराए की कोख लेती है। फिल्म में तब्बू, सुष्मिता सेन, पलाश सेन और संजय सूरी ने अहम भूमिका निभाई थी। इस फिल्म को आप MX प्लेयर पर देख सकते हैं।