स्वतंत्रता दिवस पर फेल हुआ सनी देओल का 'देशभक्ति दांव', बॉक्स ऑफिस पर छाए इमरान हाशमी
क्या है खबर?
स्वतंत्रता दिवस का सप्ताहांत देशभक्ति से भरपूर सनी देओल की फिल्मों के लिए हमेशा मुफीद साबित हुआ है। 'गदर 2' और 'बॉर्डर 2' की ऐतिहासिक सफलता के बाद निर्माता विभाजन की त्रासदी पर बनी 'बंटवारा 1947' से भी ऐसी ही उम्मीदें लगाए बैठे थे। हालांकि, बॉक्स ऑफिस पर इमरान हाशमी की 'आवारापन 2' की जबरदस्त लहर ने सारे समीकरण बिगाड़ दिए। पहले दिन सनी देओल की फिल्म इमरान के कुल कारोबार का महज 25 प्रतिशत ही कमा सकी।
बंटवारा 1947
समीक्षाएं भी न बचा सकीं, पहले दिन सिमटी 5.75 करोड़ पर
एडवांस बुकिंग से ही 'बंटवारा 1947' इस बॉक्स ऑफिस मुकाबले में पिछड़ती नजर आ रही थी। फिल्म ने पहले दिन के लिए केवल 1.76 करोड़ की एडवांस बुकिंग की, जो 'आवारापन 2' के 8 करोड़ से काफी कम थी।
रिलीज के दिन भी यही सिलसिला जारी रहा। समीक्षकों की तारीफ और सनी देओल व शबाना आजमीेे के दमदार अभिनय के बावजूद फिल्म रफ्तार नहीं पकड़ सकी।
सैकनिल्क के मुताबिक, 'बंटवारा 1947' ने भारत में पहले दिन महज 5.75 करोड़ कमाए।
आवारापन 2
'आवारापन 2' ने की सनी देओल की फिल्म से 3 गुना ज्यादा कमाई
उधर 'आवारापन 2' ने रिलीज के पहले दिन भारत में 21 करोड़ का शानदार कारोबार किया है, जो सनी देओल की फिल्म से 3 गुना ज्यादा है।
ये फिल्म 2007 में आई 'आवारापन' की सीक्वल है। भले ही पहली फिल्म बॉक्स ऑफिस पर फ्लॉप रही थी, लेकिन अपने बेहतरीन संगीत और भावुक कहानी के दम पर इसने 'कल्ट क्लासिक' का दर्जा हासिल किया। दर्शकों के दिलों में बसा इमरान हाशमी का 'शिवम पंडित' वाला किरदार आज भी बेहद लोकप्रिय है।
बदला
19 साल बाद इमरान हाशमी का हिसाब बराबर
इसे अद्भुत संयोग ही कहेंगे कि साल 2007 में भी पहली 'आवारापन' का मुकाबला सनी की फिल्म 'अपने' से हुआ था।
उस वक्त बॉक्स ऑफिस पर इमरान पिछड़ गए थे। हालांकि, 19 साल बाद इमरान ने अपना हिसाब बराबर कर लिया है और अपनी सीक्वल फिल्म से सनी की 'बंटवारा 1947' को पहले ही दिन बड़े अंतर से मात दे दी है।
नितिन कक्कड़ के निर्देशन में बनी 'आवारापन 2 में दिशा पाटनी ने भी अहम भूमिका निभाई है।
असरद
'गदर 2' और 'बॉर्डर 2' जैसा जादू न चला सकी 'बंटवारा 1947'
बता दें कि 2018 में आई 'भैयाजी सुपरहिट' (1 करोड़ ओपनिंग) के बाद ये सनी देओल की अकेली फिल्म की सबसे कमजोर शुरुआत है।
हालांकि, 'गदर 2' (40 करोड़) और 'बॉर्डर 2' (32 करोड़) ने उनकी जबरदस्त वापसी कराई थी, लेकिन 'बंटवारा 1947' उन जैसा जादू चलाने में पूरी तरह फ्लॉप साबित हुई।
इस फिल्म में शबाना आजमी और प्रीति जिंटा ने भी अहम भूमिका निभाई है, वहीं सनी देओल के बेटे करण देओल भी इसका हिस्सा हैं।