Page Loader
बादशाह ने रिलीज किया 'बचपन का प्यार..', यूट्यूब की ट्रेडिंग लिस्ट में शामिल
रैपर बादशाह ने रिलीज किया 'बचपन का प्यार..'

बादशाह ने रिलीज किया 'बचपन का प्यार..', यूट्यूब की ट्रेडिंग लिस्ट में शामिल

Aug 12, 2021
11:50 am

क्या है खबर?

बचपन का प्यार गाना गाकर रातों-रात सोशल मीडिया पर धूम मचाने वाले सहदेव दिरदो का एल्बम भी यूट्यूब पर छा गया है। जाने-माने रैपर बादशाह ने अपने अंदाज में सहदेव और आस्था गिल के साथ यह एल्बम लोगों के बीच पेश किया है, जिसने यूट्यूब पर धूम मचा दी है। बादशाह ने महीने पहले सहदेव से वादा किया था कि वह उसके साथ एक एल्बम रिलीज करेंगे, जो अब उन्होंने पूरा कर दिया है। आइए जानते हैं कैसा है गाना।

लोकप्रियता

एक करोड़ से ज्यादा लोग देख चुके हैं गाना

गाने में बादशाह संग सिंगर आस्था गिल नजर आ रही हैं। इसमें बचपन के प्यार से लेकर बड़े होने तक की पूरी लव स्टोरी को दिखाया गया है। गाने में सहदेव, बादशाह और आस्था के साथ परफॉर्म करते दिख रहे हैं। गाना बेहद मजेदार है। इसी का नतीजा है कि एक ही दिन में इसे एक करोड़ से ज्यादा व्यूज मिल चुके हैं, वहीं खबर लिखे जाने तक यह गाना 17 लाख से अधिक लोगों ने लिखे किया है।

उपहार

सहदेव ने बादशाह को दिया एक कीमती तोहफा

बादशाह ने इंस्टाग्राम पर सहदेव का एक वीडियो शेयर किया है, जिसमें सहदेव अपना पहला म्यूजिक वीडियो फोन पर देखते नजर आ रहे हैं। बादशाह ने वीडियो शेयर कर लिखा, 'सहदेव जब मुझसे मिलने गांव से मुंबई आए तो वह मेरे लिए एक गिफ्ट लेकर आए। सहदेव का दिया हुआ गिफ्ट मेरे सबसे कीमती चीजों में से एक है। मैं सहदेव के उज्जवल भविष्य की कामना करता हूं। विश्वास है कि ये बचपन का प्यार दुनिया कभी भूल ना पाए।'

इंस्टाग्राम पोस्ट

यहां देखिए बादशाह का पोस्ट

खुशी

गाने को मिले प्यार से सातवें आसमान पर हैं सहदेव

सहदेव छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले के रहने वाले हैं। गाना रिलीज होने के बाद राजस्थान पत्रिका से उन्होंने कहा कि पहले ही दिन गाने को लाखों लोगों ने देखा, जिससे उनकी खुशी का ठिकाना नहीं है। सहदेव ने कहा कि पिछले कुछ महीनों से उनके साथ जो भी हो रहा है, वह उनके लिए एक सपने की तरह है। सहदेव गायकी में अपना भविष्य बनाना चाहते हैं, लेकिन उन्हें संदेह है कि लोग आगे भी उनका साथ देंगे या नहीं।

प्रसिद्धि

बॉलीवुड में किसी पहचान के मोहताज नहीं बादशाह

बादशाह ने इंडस्ट्री को 'डीजे वाले बाबू', 'वखरा स्वैग', 'चुल', 'मूव योर लक', और 'पानी-पानी' जैसे कई हिट गाने दिए हैं। उन्हें असली पहचान 'डीजे वाले बाबू' से मिली, जिसमें आस्था गिल ने उनका साथ दिया था। यह गाना 24 घंटों के अंदर ही भारतीय आई ट्यून्स चार्ट पर नंबर वन पर पहुंच गया। एक वक्त बादशाह के पास बस के किराए के पैसे भी नहीं होते थे, लेकिन आज उनके पास किसी चीज की कोई कमी नहीं है।