आयुष्मान खुराना बनेंगे पॉप स्टार, वार्नर म्यूजिक इंडिया से जुड़े
क्या है खबर?
अभिनेता आयुष्मान खुराना न सिर्फ अभिनय करने में माहिर हैं, बल्कि वह एक बेहतरीन गायक भी हैं और कई बार इसका सबूत भी दे चुके हैं। अब आयुष्मान ने संगीत जगत में एक और कदम बढ़ा लिया है।
उन्होंने देश के अग्रणी संगीत लेबल वार्नर म्यूजिक इंडिया से हाथ मिला लिया है, जो दुनियाभर के दर्शकों और कलाकारों तक उनका संगीत पहुंचाएगा।
इसके जरिए आयुष्मान वैश्विक स्तर पर संगीत की दुनिया में अपना एक खास मुकाम हासिल करेंगे।
शुरुआत
इस साझेदारी से इसी महीने आएगा आयुष्मान का गाना
आयुष्मान ने 'मिट्टी दी खुशबू' और 'पानी दा रंग' जैसे कई हिट गाने गाए हैं। अब वार्नर म्यूजिक इंडिया के साथ ग्लोबल रिकॉर्डिंग डील साइन करने के बाद उन्हें भारत की सीमा से परे दर्शकों और कलाकारों से जुड़ने में मदद मिलेगी।
इस साझेदारी से आयुष्मान का पहला गाना इसी महीने रिलीज होगा।
वार्नर म्यूजिक इंडिया संगीत से जुड़ी एक मशूहर कंपनी है, जिससे दिलजीत दोसांझ से लेकर अरमान मलिक तक कई कलाकार जुड़े हैं।
उत्साह
आयुष्मान ने जताई खुशी
आयुष्मान बोले, "मैं रचनात्मकता की खोज में हमेशा समान विचारधारा वाले लोगों के साथ सहयोग करना चाहता था। मैं अपना संगीत वैश्विक दर्शकों तक ले जाना चाहता हूं। मुझे विश्वास है कि वार्नर म्यूजिक इंडिया के साथ मैं इस क्षेत्र में तरक्की करूंगा।"
उन्होंने कहा, "मैं लोगों के सामने अपना अगला गाना पेश करने का इंतजार नहीं कर सकता। यह एक नई आवाज होगी, जो लोगों ने पहले नहीं सुनी होगी। यह मेरे लिए व्यक्तिगत रूप से बेहद रोमांचक है।"
योजना
आयुष्मान को पॉप स्टार बनाने की तैयारी
वार्नर म्यूजिक इंडिया के प्रबंध निर्देशक जय मेहता ने कहा, "आयुष्मान ने अपनी फिल्मों से जबरदस्त सफलता हासिल की है। उन्हें अब हम उन्हें एक पॉप स्टार के रूप में नई ऊंचाइयां छूते हुए देखने के लिए उत्साहित हैं।"
बता दें कि न सिर्फ देश, बल्कि विदेशों में भी आयुष्मान के प्रशंसक मौजूद हैं। ऐसे में इस साझेदारी के बाद अब वह दुनियाभर के और अधिक दर्शकों से जुड़ पाएंगे और विश्व पटल पर भारत का मान बढ़ाएंगे।
सफरनामा
आयुष्मान ने दीं ये हिट फिल्में
आयुष्मान ने 2012 में फिल्म 'विकी डोनर' से अपना एक्टिंग करियर शुरू किया था। पहली ही फिल्म से वह दर्शकों के बीच छा गए थे। इसके बाद उन्होंने 'दम लगाके हईशा' से लेकर 'बरेली की बर्फी', 'बधाई हो', 'शुभ मंगल सावधान', 'बाला', 'अंधाधुन' और 'ड्रीम गर्ल' जैसी कई हिट फिल्मों में काम किया।
वह अपने करियर में 1 राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार और 4 फिल्मफेयर पुरस्कार जीत चुके हैं। आयुष्मान MTV रोडीज के दूसरे सीजन के विजेता भी रह चुके हैं।