
जन्मदिन विशेष: इन फिल्मों से आयुष्मान खुराना ने बनाई खास पहचान
क्या है खबर?
आज (14 सितंबर) को 38 साल के हो चुके अभिनेता आयुष्मान खुराना ने 2012 में फिल्म 'विकी डोनर' से बॉलीवुड में डेब्यू किया था।
इन दस सालों में आयुष्मान ने अपने अभिनय और खास किरदारों से सिनेमा जगत में अलग पहचान बनाई है। कुछ हटकर फिल्मों के चयन के प्रसिद्ध आयुष्मान की फिल्में क्रिटिक्स को पसंद आने के साथ ही व्यावसायिक रूप से भी सफल होती हैं।
आइए, नजर डालते हैं आयुष्मान की ऐसी ही फिल्मों पर।
#1
बधाई हो
जंगली पिक्चर्स की फिल्म 'बधाई हो' की IMDb पर 8.0 रेटिंग है। फिल्म 2018 में आई थी।
फिल्म में नीना गुप्ता और गजराज राव ने भी मुख्य किरदार निभाया था।
'बधाई हो' लेट प्रेग्नेंसी के विषय पर आधारित है। फिल्म में नकुल (आयुष्मान) की मां (नीना) प्रेग्नेंट हो जाती हैं जिसकी वजह से नकुल शर्मिंदा होता है।
इस फिल्म में आयुष्मान का अभिनय देखने लायक था।
फिल्म में सुरेखा सीकरी को बेस्ट सपोर्टिंग रोल के लिए राष्ट्रीय पुरस्कार मिला था।
#2
अंधाधुन
यह फिल्म भी 2018 में रिलीज हुई थी। इस फिल्म की IMDb रेटिंग 8.2 है।
फिल्म में आयुष्मान ने एक म्यूजीशियन का किरदार निभाया था जो दृष्टिहीन होने की ऐक्टिंग करता है।
यह सस्पेंस थ्रिलर फिल्म क्रिटिक्स के साथ ही दर्शकों को भी खूब पसंद आई थी। फिल्म में आयुष्मान के साथ तब्बू मुख्य भूमिका में नजर आई थीं।
32 करोड़ रुपये में बनी इस फिल्म ने भारतीय बॉक्स ऑफिस पर करीब 73 करोड़ रुपये कमाए थे।
#3
आर्टिकल 15
'आर्टिकल 15' में आयुष्मान ने एक पुलिस अफसर का किरदार निभाया था। यह फिल्म उत्तर प्रदेश में दलित लड़कियों के रेप और हत्या की सच्ची घटना पर आधारित थी।
अनुभव सिन्हा द्वारा निर्देशित इस फिल्म में ईशा तलवार, मनोज पाहवा और कुमुद मिश्रा जैसे कलाकार नजर आए थे।
इस फिल्म की IMDb पर 8.1 रेटिंग है।
करीब 30 करोड़ रुपये में बनी इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर 65 करोड़ रुपये कमाए थे।
#4
बाला
इस फिल्म में आयुष्मान के साथ भूमि पेडनेकर मुख्य भूमिका में नजर आई थीं।
यह फिल्म बॉडशेमिंग और बुलीइंग पर आधारित थी। फिल्म में आयुष्मान ने एक ऐसे लड़के का किरदार निभाया था जिसके सिर पर बाल नहीं हैं। वहीं भूमि का किरदार एक सांवली लड़की का था। ये दोनों ही किरदार इन वजहों से समाज के ताने झेलते हैं।
रिलीज के पहले फिल्म कंटेंट चोरी के विवाद में भी घिरी थी।
इस फिल्म की IMDb पर 7.3 रेटिंग है।
#5
चंडीगढ़ करे आशिकी
फिल्म में आयुष्मान के ऑपोजिट वाणी कपूर नजर आई थीं। यह फिल्म LGBTQ समुदाय के एक खास विषय पर बनी है।
फिल्म की किरदार मानवी (वाणी) अपना लिंग परिवर्तन कराकर लड़के से लड़की बनी होती है।
जब मानवी के बॉयफ्रेंड मनु (आयुष्मान) को यह पता चलता है तो वह उससे दूर जाने लगता है। फिल्म में धीमे-धीमे मनु के साथ-साथ दर्शकों को भी समझाया जाता है कि ट्रांसवुमन क्या होती है।
जानकारी
न्यूजबाइट्स प्लस
आयुष्मान का असली नाम निशांत खुराना है। वह चंडीगढ़ के रहने वाले हैं। 2004 में वह रिएलिटी शो 'MTV रोडीज' के विजेता बने। वह अभिनेता के साथ-साथ गायक भी हैं। पहली फिल्म 'विकी डोनर' में 'पाणी दा' गाने के लिए उन्हें कई पुरस्कार मिले थे।