आयुष्मान खुराना की बड़ी तैयारी, इस थ्रिलर फिल्म से दर्शकों का दहलाएंगे दिल
क्या है खबर?
आयुष्मान खुराना की झोली में इस वक्त 'पति पत्नी और वो 2', 'उड़ता तीर' और 'ये प्रेम मोल लिया' जैसी फिल्में हैं। तीनों ही फिल्में इस साल सिनेमाघरों में रिलीज होंगी जिनके जरिए अभिनेता दर्शकों का दिल फतेह करने उतरेंगे। हालिया रिपाेर्ट्स में पता चला है कि आयुष्मान ने एक और थ्रिलर फिल्म पर काम शुरू कर दिया है। इस परियोजना का निर्माण यशराज फिल्म्स और पोशम पा पिक्चर्स के सहयोग से किया जा रहा है।
शूटिंग
आयुष्मान खुराना ने शुरू की फिल्म की शूटिंग
वैरायटी इंडिया के अनुसार, परियोजना का निर्माण शुरू हो चुका है, जिसमें आयुष्मान मुख्य भूमिका में हैं। फिल्म का नामकरण होना बाकी है, लेकिन इसे एक रोमांचक और दिल दहलाने वाली थ्रिलर कहानी बताया जा रहा है। अभिनेता ने अप्रैल के पहले हफ्ते में केरलम में चुपचाप फिल्म की शूटिंग शुरू कर दी है और उम्मीद है कि मई के आखिर तक यह पूरी हो जाएगी। समीर सक्सेना निर्देशन हैं, जिन्होंने नेटफ्लिक्स की सीरीज 'काला पानी' को निर्देशित किया था।
कहानी
रोमांच और थ्रिल का कॉम्बो होगी फिल्म
कहानी को फिलहाल गोपनीय रखा जा रहा है, लेकिन सूत्रों के अनुसार यह एक अनोखी और अनूठी थ्रिलर होगी जिसमें रोमांच का तड़का भी होगा। बताया जाता है कि अभिनेता ऐसे शख्स का किरदार निभा रहे हैं जो एक भयानक परिस्थिति में फंस जाता है। फिल्म में सहायक कलाकारों के तौर पर कई जाने-पहचाने नामों को शामिल किया गया है। 'दम लगा के हईशा' (2015) और 'मेरी प्यारी बिंदू' (2017) के बाद, आयुष्मान और YRF का यह तीसरा सहयोग होगा।