आयुष्मान खुराना पर चढ़ा 'धुरंधर 2' का खुमार, रणवीर सिंह को बताया हिंदी सिनेमा का शेर
क्या है खबर?
बॉक्स ऑफिस पर 'धुरंधर 2' का तूफान थमता नजर नहीं आ रहा है। आम जनता के साथ-साथ बॉलीवुड और साउथ के निर्माता-निर्देशक और सितारे भी फिल्म की तारीफ करते नहीं थक रहे हैं। इस फेहरिस्त में अब अभिनेता आयुष्मान खुराना भी शामिल हो गए हैं। उन्होंने फिल्म देखने के बाद हाल ही में फिल्म और इसके हीरो रणवीर सिंह के लिए एक ऐसा खास पोस्ट साझा किया है, जिसने सोशल मीडिया पर हर किसी का ध्यान खींच लिया है।
सराहना
फिल्म के खुमार से बाहर नहीं निकल पा रहे आयुष्मान
आयुष्मान ने इंस्टा स्टोरी पर लिखा, '3 दिन हो गए हैं और मैं अब भी 'धुरंधर 2' के खुमार से बाहर नहीं निकल पाया हूं। आदित्य एक अलग ही स्तर के बहुमुखी कलाकार हैं, जो फिल्म निर्माण के हर पहलू पर पकड़ रखते हैं। अगर आपको लगता है कि वो केवल इसी विशेष जॉनर (एक्शन/ड्रामा) के मास्टर हैं तो आप गलती कर रहे हैं। सच ये है कि आदित्य किसी भी जॉनर की फिल्म को बखूबी अंजाम दे सकते हैं।'
एक्टिंग
टीम के शेर नहीं, हिंदी सिनेमा के शेर बन गए रणवीर- आयुष्मान
फिल्म के हीरो रणवीर की तारीफ में आयुष्मान ने लिखा, 'वो सिर्फ अपनी टीम के शेर नहीं बने, बल्कि हिंदी सिनेमा के शेर बन गए हैं। उनकी बेहतरीन और जोश भरी परफॉर्मेंस ने उनके किरदार को पर्दे से कहीं ऊपर उठा दिया है।' अर्जुन रामपाल को उन्होंने शालीनता का प्रतीक बताया तो आर माधवन के अभिनय की बारीकियों का जिक्र भी उन्होंने किया। आयुष्मान ने लिखा कि संजय दत्त का सिग्नेचर स्वैग इस फिल्म में जान फूंक देता है।
नाराजगी
'धुरंधर 2' को 'प्रोपेगेंडा' कहने वालों पर बरसे थे अनुपम खेर
हाल ही में अनुपम खेर ने भी एक्स पर एक वीडियो साझा कर फिल्म के हर पहलू की जमकर तारीफ की थी। इसी के साथ उन लोगों को लताड़ लगाई, जो फिल्म को 'प्रोपेगेंडा' या 'अंधराष्ट्रवाद' बता रहे हैं। उन्होंने कहा, "मैंने अभी 'धुरंधर 2' देखी। मैं क्या कहूं? ये फिल्म लेखन, निर्देशन, अभिनय, तकनीकी पक्ष और संगीत, हर मामले में लाजवाब है। ये एक ऐसी फिल्म है, जो आपको अपने देश, अपने भारत पर गर्व महसूस कराती है।"
किरदार
'धुरंधर 2: द रिवेंज' में भारतीय जासूस बने हैं रणवीर
निर्देशक आदित्य धर की स्पाई-थ्रिलर 'धुरंधर 2: द रिवेंज' 19 मार्च को रिलीज होने के बाद से ही बॉक्स ऑफिस पर छाई हुई है। फिल्म को गुड़ी पड़वा, उगादी और ईद जैसी लंबी छुट्टियों का जबरदस्त फायदा मिला है, जिससे इसकी कमाई रिकॉर्ड तोड़ रफ्तार से बढ़ रही है। फिल्म में रणवीर सिंह ने 'हमजा अली मजारी' नाम के एक भारतीय जासूस की भूमिका निभाई है, जिसे पाकिस्तान में आतंकी नेटवर्क को खत्म करने का काम सौंपा गया है।