LOADING...
आयुष्मान खुराना की पिछली 5 फिल्मों का लेखा-जोखा, एक सिनेमाघरों में पिटी; पर नेटफ्लिक्स पर छाई
आयुष्मान खुराना की पिछली 5 फिल्मों का कैसा रहा हाल?

आयुष्मान खुराना की पिछली 5 फिल्मों का लेखा-जोखा, एक सिनेमाघरों में पिटी; पर नेटफ्लिक्स पर छाई

May 15, 2026
10:07 am

क्या है खबर?

आयुष्मान खुराना अपनी अनूठी कहानियों और 'मध्यम वर्गीय हीरो' वाली छवि के लिए जाने जाते हैं। उनकी फिल्म 'पति पत्नी और वो 2' सिनेमाघरों में दस्तक दे चुकी है, जिसे लेकर दर्शकों के बीच काफी चर्चा है। हालांकि, आयुष्मान के लिए पिछले कुछ साल बॉक्स ऑफिस के लिहाज से काफी उतार-चढ़ाव भरे रहे हैं। कोरोना महामारी के बाद उनकी फिल्मों के प्रदर्शन में काफी बदलाव देखने को मिला। एक नजर उनकी पिछली 5 फिल्मों के बॉक्स ऑफिस रिपोर्ट कार्ड पर।

#1

'थामा'

पिछली बार आयुष्मान फिल्म दिनेश विजान के 'हॉरर-कॉमेडी यूनिवर्स' की फिल्म 'थामा' में नजर आए थे। फिल्म में उनके साथ रश्मिका मंदाना और नवाजुद्दीन सिद्दीकी जैसे कलाकार भी थे। दिनेश विजान के हॉरर-कॉमेडी यूनिवर्स की इस फिल्म से उम्मीदें बहुत ज्यादा थीं, लेकिन इसका प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा। 145 करोड़ रुपये के बजट में बनी इस फिल्म ने दुनियाभर में 200 करोड़ रुपये कमाए। बॉक्स ऑफिस पर 'थामा' का प्रदर्शन औसत रहा।

#2

'ड्रीम गर्ल 2'

'ड्रीम गर्ल 2' आयुष्मान के करियर के लिए एक संजीवनी की तरह साबित हुई थी। जब उनकी लगातार फिल्में (अनेक, डॉक्टर जी, एन एक्शन हीरो) बॉक्स ऑफिस पर संघर्ष कर रही थीं, तब 'पूजा' की वापसी ने न केवल आयुष्मान को संभाला, बल्कि सिनेमाघरों में दर्शकों की रौनक भी लौटा दी। पहले भाग की जबरदस्त लोकप्रियता का फिल्म को पूरा फायदा मिला। 35 करोड़ रुपये के बजट वाली इस फिल्म ने दुनियाभर में 140 करोड़ रुपये कमाए थे।

Advertisement

#3

'एन एक्शन हीरो'

'एन एक्शन हीरो' को समीक्षकों ने आयुष्मान की सबसे बेहतरीन फिल्म बताया, लेकिन बॉक्स ऑफिस पर इसे दर्शकों का साथ बिल्कुल नहीं मिला। आयुष्मान ने पहली बार अपनी 'मध्यम वर्गीय हीरो' वाली छवि छोड़कर एक घमंडी सुपरस्टार (मानव) का किरदार निभाया। इसमें जयदीप अहलावत के साथ उनकी टक्कर को बहुत पसंद किया गया। बॉक्स ऑफिस पर इसका बुरा हश्र हुआ। हालांकि, सिनेमाघरों में पिटने के बाद जब ये फिल्म नेटफ्लिक्स पर रिलीज हुई तो कई हफ्तों तक ट्रेंड में रही।

Advertisement

#4 और #5

'डॉक्टर जी' और 'अनेक'

'डॉक्टर जी' में आयुष्मान ने एक स्त्री रोग विशेषज्ञ की भूमिका निभाई। लगभग 35 करोड़ की लागत से बनी इस फिल्म ने 40 करोड़ कमाए और बॉक्स ऑफिस पर 'औसत' रही। उधर अनुभव सिन्हा के निर्देशन में बनी फिल्म 'अनेक' में आयुष्मान ने उत्तर-पूर्व भारत के राजनीतिक संघर्ष जैसे गंभीर मुद्दे को उठाया, लेकिन ये प्रयोग सफल नहीं रहा। 40 करोड़ के भारी बजट वाली ये फिल्म महज 11 करोड़ ही जुटा सकी और बॉक्स ऑफिस पर फ्लॉप साबित हुई।

Advertisement