सोनम वांगचुक की बिगड़ती सेहत पर ओमी वैद्य और आयशा खान ने मीडिया से लगाई गुहार
'धुरंधर' की आयशा खान और '3 इडियट्स' फिल्म के जाने-पहचाने चेहरे ओमी वैद्य, सोनम वांगचुक के समर्थन में सामने आए हैं।
सोनम पिछले कई हफ्तों से दिल्ली में भूख हड़ताल पर बैठे हैं। उनका यह विरोध प्रदर्शन तो जारी है, लेकिन अब उनकी सेहत लगातार बिगड़ती जा रही है।
खबरों के मुताबिक, उनका ब्लड शुगर काफी कम हो गया है। इन दोनों कलाकारों ने मीडिया से अपील की है कि वे इस मामले पर और ज्यादा ध्यान दें।
आयशा ने पैपाराजी से की खास अपील
आयशा ने इंस्टाग्राम पर पैपाराजी और मीडिया आउटलेट्स से अपील की है कि वे देश में चल रहे इस आंदोलन के बारे में लोगों तक जानकारी पहुंचाएं। उन्होंने साफ कहा, 'आप ही लोग हैं, जो देश में क्या चल रहा है, ये लोगों को बता सकते हैं।'
उधर, ओमी ने सोनम के काम को 'बेमिसाल' बताया और उनकी इस जारी भूख हड़ताल से जुड़े खतरों को लेकर भी आगाह किया। उन्होंने सोनम को 'फुंसुख वांगडू' कहकर भी संबोधित किया, जो '3 इडियट्स' फिल्म में उनके किरदार का प्रेरणा स्रोत थे। ओमी ने सभी से सोनम की उपलब्धियों को जानने और इस विरोध प्रदर्शन की अहमियत को समझने का आग्रह किया।