अयान मुखर्जी ने दिखाई 'ब्रह्मास्त्र' के रहस्यमई अस्त्रों की झलक
क्या है खबर?
अयान मुखर्जी की फिल्म 'ब्रह्मास्त्र' बीते कई दिनों से चर्चा में है। यह फिल्म नए तरह के कॉन्सेप्ट और अपनी स्टारकास्ट की वजह से चर्चा में है।
फिल्म को लेकर निर्माता काफी महत्वाकांक्षी हैं और इसके प्रचार में जुटे हुए हैं। बीते दिनों अयान मुखर्जी ने अपने इंस्टाग्राम पर फिल्म के बारे में कुछ खास बातें बताईं।
फिल्म की कहानी अस्त्रों की दुनिया पर आधारित है। अयान ने एक वीडियो के जरिये दर्शकों का इन अस्त्रों से परिचय कराया।
कहानी
अस्त्रों की कहानी है 'ब्रह्मास्त्र'
करीब चार मिनट लंबे इस वीडियो में अयान ने 'ब्रह्मास्त्र' की कहानी के बारे में बताया। अयान एक यूनिवर्स बनाने वाले हैं जिसे 'अस्त्रावर्स' नाम से जाना जाएगा।
फिल्म एक रहस्यमई दुनिया की कहानी है जिसमें कुछ अस्त्र शामिल हैं। सदियों से ये अस्त्र और इनके रक्षक हमारे बीच मौजूद हैं छिपकर इनका इस्तेमाल लोगों की भलाई के लिए कर रहे हैं।
इन अस्त्रों के इस्तेमाल और इनकी रक्षा की कहानी है 'ब्रह्मास्त्र' जिसका मुख्य किरदार शिवा (रणबीर कपूर) है।
अस्त्र
ये हैं रहस्यमई अस्त्र और उनकी शक्तियां
कहानी शुरू होती है जब कुछ ऋषि-मुनि हिमालय पर तपस्या कर रहे हैं। इस तपस्या के बदले इन लोगों को एक ब्रह्मशक्ति मिलती है जिससे कई अस्त्रों का जन्म होता है।
इनमें कुछ अस्त्र ऐसे हैं जिनमें प्रकृति की शक्तियां मौजूद हैं। इनमें 'जलास्त्र' पानी की शक्ति, 'पवनास्त्र' वायु की शक्ति और 'अग्निअस्त्र' आग की शक्ति के साथ मौजूद हैं।
वहीं, कुछ अस्त्र हैं जिनमें जानवरों की शक्ति मौजूद हैं, जैसे 'वानरास्त्र' और 'नंदीअस्त्र'।
स्टारकास्ट
स्टारकास्ट की वजह से चर्चा में है फिल्म
फिल्म अपनी स्टारकास्ट की वजह से काफी चर्चा में है। फिल्म में मुख्य किरदार रणबीर कपूर निभा रहे हैं। वहीं आलिया भट्ट उनकी प्रेमिका बनी हैं।
फिल्म में अमिताभ बच्चन 'गुरु' के किरदार में है। गुरु अस्त्रों की रहस्यमई दुनिया में शामिल है।
फिल्म में दक्षिण भारतीय सिनेमा के स्टार नागार्जुना भी हैं। इनके अलावा मौनी रॉय फिल्म में नेगेटिव रोल में दिखेंगी।
'मिर्जापुर' के 'मुन्ना त्रिपाठी' दिव्येन्दु शर्मा भी इस फिल्म का हिस्सा हैं।
जानकारी
न्यूजबाइट्स प्लस
'अस्त्रावर्स' के तहत 'ब्रह्मास्त्र' तीन भागों में आएगी। 'ब्रह्मास्त्र' की शूटिंग करीब चार साल तक चली। फिल्म को बुल्गेरिया, मनाली और बनारस जैसी बिल्कुल अलग लोकेशन्स में शूट किया गया है। अयान की यह महत्वाकांक्षी फिल्म 9 सितंबर को रिलीज हो रही है।