'आवारापन 2' पर तीसरे दिन हुई नोटों की बारिश, 100 करोड़ के करीब पहुंची कमाई
क्या है खबर?
इमरान हाशमी की फिल्म 'आवारापन 2' सिनेमाघराें में खूब धमाल मचा रही है। इसने पहले दिन दोहरे आंकड़ों से ओपनिंग ली और 3 दिनों के बाद बॉक्स ऑफिस पर 100 करोड़ रुपये कमाने के करीब पहुंच गई है। विश्व स्तर पर भी इसका जादू दर्शकों के सिर चढ़कर बोल रहा है। नितिन कक्कड़ द्वारा निर्देशित और विशेष भट्ट द्वारा निर्मित इस फिल्म में दिशा पाटनी और शबाना आजमी भी हैं। चलिए एक नजर डालते हैं फिल्म की कमाई पर।
कलेक्शन
'आवारापन 2' का बॉक्स ऑफिस कलेक्शन
सैकनिल्क के मुताबिक, 'आवारापन 2' ने रिलीज के तीसरे दिन (रविवार) 26 करोड़ रुपये कमाए हैं।
इसने पहले दिन सिनेमाघरों में 22 करोड़ रुपये के साथ अपना खाता खोला था और दूसरे दिन (शनिवार) 33.75 करोड़ रुपये का कारोबार किया।
दूसरे दिन के मुकाबले तीसरे दिन कलेक्शन में हल्की गिरावट आई है, लेकिन बॉक्स ऑफिस पर कुल 81.75 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन हो गया है।
अब यह 100 करोड़ के क्लब में दाखिल होने के लिए बढ़ रही है।
फिल्म
विश्व स्तर पर 100 करोड़ रुपये के पार पहुंची कमाई
'आवारापन 2' का खुमार भारत के साथ-साथ विदेशी दर्शकों के सिर चढ़कर भी बोल रहा है।
विदेशों में, इसने तीसरे दिन 4 करोड़ रुपये कमाए, जिससे इसकी कुल विदेशी कमाई अब तक 12 करोड़ रुपये हो गई है। इसके साथ ही, वैश्विक कुल कलेक्शन 110.10 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है।
बता दें, 'आवारापन 2' 2007 में इसी नाम से आई फिल्म का सीक्वल है। निर्माताओं ने इसकी सफलता से खुश होकर तीसरी किस्त का ऐलान भी कर दिया है।