'अवतार 3' का ट्रेलर आते ही छाया, लोग बोले- बॉक्स ऑफिस पर टूटकर बिखरेंगे सारे रिकॉर्ड
क्या है खबर?
दुनियाभर में लोकप्रिय हॉलीवुड फिल्म 'अवतार' के तीसरे हिस्से 'अवतार 3' का हिंदी ट्रेलर रिलीज हो चुका है, जिस पर भारतीय प्रशंसक खूब प्यार लुटा रहे हैं। 'अवतार: फायर एंड ऐश' के ट्रेलर की राह दर्शक लंबे समय से देख रहे थे और अब जबकि यह रिलीज हो चुका है तो प्रशंसकों की खुशी का ठिकाना नहीं है। कइयों ने भविष्यवाणी कर दी है कि ये फिल्म एक बार फिर दुनियाभर के बॉक्स ऑफिस पर इतिहास रचेगी।
ट्रेलर
'अवतार' की कहानी को आगे बढ़ाता ट्रेलर
जेम्स कैमरून के निर्देशन में बनी फिल्म 'अवतार: फायर एंड ऐश' 2022 की 'अवतार: द वे ऑफ वॉटर' का अगला भाग है और साल 2009 में शुरू हुई मूल 'अवतार' की कहानी को आगे बढ़ाता है। 'टाइटैनिक' और 'टर्मिनेटर 2' जैसी फिल्मों में अपने सिनेमाई नवाचार के लिए जाने जाने वाले कैमरून अब इस फ्रेंचाइजी को पहले से भी ज्यादा भावनाओं और हैरान करने वाले अंदाज में लेकर आ रहे हैं, जिसकी झलक ट्रेलर में साफ दिख रही है।
प्रतिक्रिया
फिर विजुअल्स ने जीत लिया दिल- यूजर
'अवतार' फ्रैंचाइजी की भारत में भी जबरदस्त फैन फॉलोइंग है। निार्मताओं ने इस बार भी विजुअल्स, VFX और रंगों से पर्दे पर ऐसी दुनिया उकेरी है, जो अपनी खूबसूरती से मन मोह लेती है। एक यूजर ने लिखा, 'ये फिल्म सबकी छुट्टी कर देगी।' एक ने लिखा, 'क्या गजब की रचनात्मकता है? अब टूटेंगे बॉक्स ऑफिस पर सारे रिकॉर्ड।' एक कमेंट है, 'अवतार के विजुअल्स ने फिर मन मोह लिया है। लगता है मानों हम पेंडोरा की दुनिया में हैं।'
प्रतिक्रिया
सोशल मीडिया पर छा गया ट्रेलर
एक ने लिखा है, 'धरती, पानी और अब आग। जेक सुली शानदार एक्शन हीरो की तरह दिख रहे हैं।' एक तीसरे यूजर ने लिखा है, 'हमेशा की तरह कमाल। जेम्स कैमरून ने फिर साबित कर दिया है कि वह सीक्वल और विज़ुअल स्टोरीटेलिंग के उस्ताद क्यों हैं।' कुछ ऊना चैपलिन को विलेन के अवतार में देख उतावले हो गए हैं तो कुछ दर्शकों की बेताबी कहानी में शामिल हुए 'ऐश पीपल' नाम के एक रहस्यमयी ग्रुप ने बढ़ा दी है।
रिलीज
कब रिलीज हो रही 'अवतार: फायर एंड ऐश'?
'अवतार' फ्रेंचाइजी की पहली फिल्म 2009 में आई थी। इसके बाद दूसरी फिल्म 2022 में 'अवतार: द वे ऑफ वॉटर' रिलीज हुई। 19 दिसंबर, 2025 को तीसरी फिल्म 'अवतार: फायर एंड ऐश' रिलीज होगी। 'अवतार' दुनिया की सबसे महंगी फ्रैंचाइजी में से एक है। इस फ्रैंचाइजी की पिछली 2 फिल्मों ने दुनियाभर में करीब 45,170 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई की है। 'अवतार' ने 20,278 करोड़ की कमाई कर 'टाइटैनिक' (14,147 करोड़) का 12 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ा था।