गायक जुबीन गर्ग की याद में बनेगा 'जुबीन क्षेत्र', असम सरकार ने किया बड़ा ऐलान
क्या है खबर?
दिवंगत गायक जुबीन गर्ग की विरासत को संजोए रखने के लिए असम सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। गायक की 54वीं जयंती पर, मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने सोनापुर में बनने वाले महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट 'जुबीन क्षेत्र' के पहले चरण को मंजूरी दे दी है। इस परियोजना के लिए राज्य सरकार की ओर से 15 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं। सरकार द्वारा इस पहल का उद्देश्य जुबीन की सांस्कृतिक विरासत को हमेशा के लिए बनाए रखना है।
ऐलान
मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पर किया ऐलान
अपने सोशल मीडिया हैंडल पर, मुख्यमंत्री ने कहा कि असम के संगीत, संस्कृति और सामूहिक चेतना में जुबीन का योगदान पीढ़ियों से चला आ रहा है।
उन्होंने लिखा, 'हमारे प्यारे जुबीन के जन्मदिन पर, मैंने जुबीन क्षेत्र पर काम के पहले चरण को मंजूरी दी, यह एक ऐसी जगह है जो आने वाली पीढ़ियों के लिए उनकी यादों और विरासत को जिंदा रखेगी।'
15 करोड़ की मंजूरी के साथ, इस प्रोजेक्ट को लागू करने का बड़ा कदम उठाया गया है।
ड्राफ्ट योजना
'जुबीन क्षेत्र' के लिए ड्राफ्ट योजना सरकार को सौंपी गई
न्यूज 18 के मुताबिक, 'जुबीन क्षेत्र' का कॉन्सेप्ट और ब्लूप्रिंट तैयार करने के लिए राज्य सरकार ने एक एक्सपर्ट कमिटी बनाई थी, जिसने ड्राफ्ट योजना बनाकर सरकार को सौंपी है। अब इसकी टेंडरिंग प्रक्रिया शुरू होगी, जिससे प्रोजेक्ट को पूरा करने में आसानी होगी।
बता दें, जुबीन असम के मशहूर गायक थे, जिन्होंने बॉलीवुड में इमरान हाशमी और कंगना रनौत की फिल्म 'गैंगस्टर' का 'या अली' गाना गाकर लोकप्रियता हासिल की। पिछले साल सिंगापुर में उनकी मौत हो गई थी।