जुबीन गर्ग मामले में असम कैबिनेट करेगी हाई कोर्ट का रुख, इस करण लिया फैसला
क्या है खबर?
दिवंगत गायक जुबीन गर्ग की मौत का मामला अब तक अनसुलझा हुआ है। कोर्ट में केस की धीमी सुनवाई पर गायक की पत्नी गरिमा गर्ग सैकिया ने अपनी नाराजगी जताई है। इस बीच, असम कैबिनेट ने मामले में तेजी लाने के लिए गुवाहाटी हाई कोर्ट से एक फास्ट-ट्रैक कोर्ट बनाने का अनुरोध करने का फैसला किया है। यह जानकारी मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने कैबिनेट बैठक के बाद की गई एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में दी है।
बयान
परिवार के अनुरोध के बाद लिया गया फैसला
मनी कंट्रोल के मुताबिक, मुख्यमंत्री सरमा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए बताया कि यह फैसला गायक के परिवार के अनुरोध के बाद लिया गया है। हालांकि सरकार मौजूदा कोर्ट से संतुष्ट थी, जहां मामले की सुनवाई चल रही है। उन्होंने कहा, "कैबिनेट ने गुवाहाटी हाई कोर्ट के चीफ जस्टिस से गर्ग मामले की सुनवाई के लिए एक फास्ट-ट्रैक कोर्ट स्थापित करने का अनुरोध करने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। इसके बाद चीफ जस्टिस अगला कदम उठाएंगे।"
मर्जी
परिवार की मर्जी सबसे आगे
मुख्यमंत्री ने कहा, "हमने हमेशा कहा कि इस मामले में परिवार की मर्जी सबसे ऊपर होगी। परिवार ने फास्ट-ट्रैक कोर्ट का अनुरोध किया। इसलिए हम उनके अनुरोध को हाईकोर्ट में रखेंगे।" बता दें, जुबीन का निधन 19 सितंबर, 2025 को सिंगापुर में तैराकी के दौरान रहस्यमयी परिस्थितियों में हुआ था। वह नॉर्थ ईस्ट इंडिया फेस्टिवल (NEIF) के चौथे एडिशन में शामिल होने गए थे। मामले में, उनके मैनेजर और आयोजक समेत कई लोगों आरोपी के तौर पर जेल में हैं।