'आशा ताई' की याद में नम हुईं सबकी आंखें, गंगा घाट पर फूट-फूटकर रोईं पोती जनाई
क्या है खबर?
मुंबई में 92 वर्ष की आयु में दुनिया को अलविदा कहने वाली दिग्गज गायिका आशा भोंसले की अस्थियां 20 अप्रैल को वाराणसी में गंगा की पावन धारा में विसर्जित की गईं। आशा ताई के बेटे आनंद भोंसले ने मोक्ष की नगरी वाराणसी के पवित्र गंगा तट पर अपनी मां की अस्थियां विसर्जित कीं। इस भावुक क्षण के दौरान आशा ताई की पोती जनाई भोंसले अपनी दादी को याद कर बेहद व्यथित नजर आईं और फूट-फूटकर रो पड़ीं।
भावुक पल
काशी के घाटों पर नम आंखों से विदाई
इस दौरान दिवंगत गायिका के परिवार के सदस्य काशी में मौजूद रहे, जहां उन्होंने पूरे विधि-विधान के साथ सुरों की मलिका को अंतिम विदाई दी। आशा भोंसले के अंतिम अनुष्ठान करते हुए उनके बेटे आनंद और पोती जनाई की कई तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। इन भावुक क्लिप्स में देखा जा सकता है कि विधि-विधान पूरे करने के बाद ज़नाई भोंसले अपनी दादी की याद में खुद को संभाल नहीं पाईं और फूट-फूटकर रोने लगीं।
अस्थि विसर्जन
नाव पर सवार होकर आनंद भोंसले ने किया अस्थि विसर्जन
अन्य झलकियों में दिवंगत गायिका के बेटे आनंद भोंसले गंगा नदी के किनारे प्रार्थना करते और उनकी अस्थियां विसर्जित करते नजर आए। परिवार के सदस्यों ने वाराणसी के एक घाट पर नाव में सवार होकर बीच गंगा में पूरे विधि-विधान के साथ इन अंतिम संस्कारों को संपन्न किया। इस दौरान की तस्वीरों में आनंद भोंसले हाथ जोड़कर अपनी मां की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए बेहद भावुक दिखाई दिए।
ट्विटर पोस्ट
काशी के बीचों-बीच संपन्न हुआ अंतिम अनुष्ठान
ज्येष्ठ गायिका आशा भोसलेंच्या अस्थींचे गंगेत विसर्जन | Asha Bhosle#AshaBhosle #MaharashtraNews #DailyNewsUpdates #AshaBhosleDeath pic.twitter.com/idU53MMxrF
— Navarashtra (@navarashtra) April 20, 2026
निधन
आशा भोंसले ने मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में ली थी आखिरी सांस
आशा भोंसले ने 12 अप्रैल को 92 वर्ष की आयु में अंतिम सांस ली थी। उनके निधन के बाद मुंबई के शिवाजी पार्क श्मशान घाट पर पूरे राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया। गायिका पिछले कुछ समय से स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रही थीं। सीने में संक्रमण और अत्यधिक थकान के कारण उन्हें 11 अप्रैल को ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां अगले ही दिन उन्होंने दुनिया को अलविदा कह दिया।