आशा भोसले का अंतिम गीत हुआ जारी, 'ओम का हरि' में गूंजी 7 दशक की जादूई आवाज
महान गायिका आशा भोसले का अंतिम प्लेबैक गीत, 'ऐ मेरी जिंदगी, तू छुपी है कहां' हाल ही में उनके जन्मदिन के खास मौके पर जारी किया गया है।
यह गाना जल्द ही आने वाली फिल्म 'ओम का हरि' का हिस्सा है। इस गाने के साथ एक बेहद भावुक म्यूजिक वीडियो भी आया है, जिसमें दिग्गज गायिका को रिकॉर्डिंग करते हुए दिखाया गया है।
उनकी सदाबहार आवाज एक बार फिर अपना जादू बिखेर रही है।
आशा के नाम 12,000 से ज्यादा गाने
राजीव सारंग ने इस गाने को संगीत दिया है और इसके बोल प्रदीप शर्मा खुसरो ने लिखे हैं। निर्देशक हरीश व्यास ने इस गाने के जरिए भारतीय संगीत पर आशा के शानदार प्रभाव का जश्न मनाया है।
अपने सात दशक लंबे करियर में 12,000 से ज्यादा गाने गा चुकीं आशा का संगीत पर जो प्रभाव है, उसकी मिसाल मिलना मुश्किल है।
फिल्म 'ओम का हरि' जिसमें सोनी राजदान और अंशुमन झा मुख्य भूमिकाओं में हैं, 18 सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
इस फिल्म के एल्बम में अमित कुमार और रघुबीर यादव जैसे गायकों ने भी अपनी आवाज दी है।