आशा भोसले के वो सदाबहार गीत, जिन्होंने विदेशी गायकों के गानों में अपनी छाप छोड़ी
क्या है खबर?
संगीत की दुनिया की दिग्गज गायिका आशा भोसले अब हमारे बीच नहीं रहीं। 12 अप्रैल, 2026 को उन्होंने मुंबई के कैंडी ब्रीच अस्पताल में 92 साल की उम्र में अपनी आखिरी सांस ली। अपनी सुरीली आवाज से देश की चहेती रहीं गायिका हमेशा के लिए मौन तो हो गईं, लेकिन उनके सदाबहार गाने लोगों के दिल में जिंदा रहेंगे। उनके कुछ ऐसे भी गाने रहे हैं, जिन्हें वैश्विक कलाकारों ने सैंपल या रीमिक्स के तौर इस्तेमाल किया है।
#1
'ऐ नौजवान सब कुछ यहां'
फिल्म 'अपराध' का चर्चित गाना 'ऐ नौजवान सब कुछ यहां' आज भी लोगों द्वारा बेहद सुना जाता है। इस रेट्रो गाने की धुन को 'द ब्लैक आइड पीस' नाम के अमेरिकी हिप-हॉप ग्रुप ने अपने गाने 'डोंट फंक विद माय हार्ट' में मुख्य हुक के तौर पर इस्तेमाल किया था। यही नहीं, फिल्म 'डॉन' में गायिका द्वारा गाए गए गाने 'ये मेरा दिल प्यार का दीवाना' के शुरुआती संगीत काे भी इस ग्रुप ने इसी गाने में इस्तेमाल किया था।
#2 & #3
'दो जवानों की बस्ती' और 'हरे रामा हरे कृष्णा'
फिल्म 'कसौटी' (1974) के चर्चित गाने 'दो जवानों की बस्ती' को आशा भोसले ने आवाज दी थी। कान्ये वेस्ट ने इस गाने के रिच ऑर्केस्ट्रल स्ट्रिंग्स, यानी वॉयलिन वगैरह के संगीत को अपने पॉपुलर ट्रैक 'गॉन' में बैकग्राउंड स्कोर की तरह सैंपल किया था। आशा ताई की आवाज में फिल्म 'हरे रामा हरे कृष्णा' का गाना 'दम मारो दम' हिट हुआ था। इसके कुछ हिस्सों को अमेरिकी रैपर मेथड मैन ने अपने हिप-हॉप ट्रैक 'व्हाट्स हैप्पन' में इस्तेमाल किया था।
#4 & #5
'दिल चीज क्या है' और 'मुझे मार डालो'
आशा ताई की आवाज में जारी हुआ गाना 'दिल चीज क्या है' (फिल्म: उमराव जान) भी वैश्विक संगीत का हिस्सा रहा है। लोकप्रिय क्लासिकल गायिका सारा ब्राइटमैन ने अपने गाने 'यू टेक माय ब्रेथ अवे' के इंट्रो के रूप में इस मशहूर गाने के कुछ सुरों का इस्तेमाल किया था। फिल्म 'पाकीजा' के गाने 'मुझे मार डालो' को कान्ये वेस्ट की एल्बम 'बुली' के शीर्षक में इस्तेमाल किया था। रैपर ने गाने के क्लासिक मुजरा गीत का इस्तेमाल किया था।