
आर माधवन ने NCERT पाठ्यक्रम पर उठाया सवाल, पूछा- तमिल इतिहास पर सिर्फ एक अध्याय क्यों?
क्या है खबर?
इन दिनों आर माधवन फिल्म 'केसरी चैप्टर 2' को लेकर चर्चा में हैं। इस ऐतिहासिक ड्रामा फिल्म में उन्होंने अपने दमदार अभिनय से दर्शकों का दिल जीत लिया है।
एक ओर जहां उनकी यह फिल्म बढ़िया कमाई कर रही है, वहीं दूसरी ओर माधवन अब एक नई वजह से चर्चा में आ गए हैं।
दरअसल, उन्होंने NCERT विवाद के बीच स्कूली किताबों में मुगलों पर 8 अध्याय और चोल पर सिर्फ एक अध्याय लिखे जाने पर सवाल खड़े किए हैं।
सवाल
मुगलों पर 8 और चोल पर सिर्फ एक अध्याय लिखे जाने पर खड़ा किया सवाल
न्यूज 18 से बातचीत में माधवन ने सवाल किया कि भारतीय इतिहास के कुछ हिस्सों को दूसरों की तुलना में ज्यादा ध्यान क्यों दिया जाता है।
उन्होंने कहा, "ऐसा कहने पर मुझे परेशानी हो सकती है, लेकिन मैं फिर भी यह कहूंगा। जब मैंने स्कूल में इतिहास पढ़ा था तो मुगलों पर 8 अध्याय, हड़प्पा और मोहनजोदड़ो सभ्यताओं पर 2, ब्रिटिश शासन और स्वतंत्रता संग्राम पर 4 और दक्षिणी राज्यों- चोल, पांड्य, पल्लव और चेर पर सिर्फ 1 अध्याय था।"
चोल साम्राज्य
"चोल साम्राज्य का इतिहास 2,400 साल पुराना है"
माधवन ने हैरानी जातते हुए कहा कि स्कूली इतिहास की किताब में मुगल वंश के बारे में ज्यादा जानकारी दी गई है। उनकी यह टिप्पणी ऐसे समय में आई है, जब NCERT को स्कूली इतिहास की पुस्तकों में हाल ही में किए गए बदलावों के लिए आलोचना का सामना करना पड़ रहा है।
अभिनेता बोले, "ब्रिटिश और मुगलों ने हम पर लगभग 800 सालों तक शासन किया, लेकिन चोल साम्राज्य 2,400 साल पुराना है।"
सवाल
हमारे तमिल इतिहास का वो हिस्सा कहां है- माधवन
माधवन बोले, "चोल समुद्री यात्रा में आगे रहा, जिसके व्यापार मार्ग रोम तक पहुंचते थे। उनका प्रभाव कोरिया तक फैला था। इतिहास का वो हिस्सा कहां है? तमिल दुनिया की सबसे पुरानी भाषा है, लेकिन कोई इसके बारे में नहीं जानता। कोरिया में लोग आधी तमिल बोलते हैं, क्योंकि हमारी भाषा वहां तक पहुंची और हमने इसे सिर्फ एक अध्याय में समेट दिया। ये पाठ्यक्रम किसने तय किया? तमिल भाषा और संस्कृति को पाठ्यक्रम में उचित स्थान क्यों नहीं मिला?"
दो टूक
'केसरी 2' की रचनात्मक स्वतंत्रता पर उठ रहे सवालों पर भी दिया जवाब
माधवन ने कहा, "केसरी 2 इस कहानी को बदलने की दिशा में एक कदम है। अगर हमें चीजें सही करनी हैं तो हमें छोटी स्वतंत्रताओं के लिए दोष मत दो। हमें केवल तब बताओ, जब हमने कहानी बदल दी हो। तब दोष दो, जब हम एक ऐसा परिणाम लेकर आएं जो इतिहास के प्रति सच्चा न हो। इतिहास की सच्चाई लाने के लिए दोष मत दो। हमें बदनाम करने का सबसे आसान तरीका यह कहना है कि हमने स्वतंत्रताएं लीं।"
जानकारी
'केसरी 2' की कमाई जानिए
'केसरी 2' के हीरो अक्षय कुमार हैं। अनन्या पांडे भी इस ऐतिहासिक कोर्टरूम ड्रामा फिल्म का हिस्सा हैं। फिल्म ने भारत में अब तक 74.75 करोड़ रुपये कमा लिए हैं, वहीं दुनियाभर में यह फिल्म 100 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर चुकी है।