आमिर खान बोले- फिल्म का पिटना बच्चा खोने जैसा, मैं तो डिप्रेशन में चला जाता हूं
क्या है खबर?
बेटे जुनैद खान की फिल्म 'एक दिन'के बॉक्स ऑफिस पर फ्लॉप होने के बाद बॉलीवुड सुपरस्टार आमिर खान का बड़ा दर्द छलका है। आमिर ने फिल्मों के फेल होने की तुलना 'एक बच्चे को खोने' के खौफनाक दर्द से की है। सुपरस्टार ने खुलकर स्वीकार किया कि जब उनकी फिल्में फ्लॉप होती हैं तो वो गहरे डिप्रेशन में चले जाते हैं और पूरी रात रोते हैं। क्या कुछ बोले आमिर, आइए जानते हैं।
कसूर
टिकट खरीदकर आने वाले दर्शकों का कोई दोष नहीं- आमिर
ZEE म्यूजिक कंपनी के साथ बातचीत में आमिर ने कहा, "जब कोई फिल्म फ्लॉप होती है तो मेरा दिल टूट जाता है। आखिरकार हम दर्शकों के लिए ही फिल्म बनाते हैं। जब वो टिकट खरीदते हैं और एक अच्छा वक्त बिताने के लिए सिनेमाघरों में आते हैं और अगर उन्हें फिल्म पसंद नहीं आती तो इसका मतलब है कि आपके काम में ही कोई कमी रह गई है। दर्शक कभी भी जानबूझकर कोई खराब फिल्म देखने का फैसला नहीं करते।"
दुख
"फिल्म नहीं चलती तो 2-3 महीने डिप्रेशन में रहता हूं"
आमिर बोले, "अगर दर्शक निराश हुए हैं तो इसका मतलब है कि गलती आपसे ही हुई है। जब कोई फिल्म नहीं चलती तो मैं 2-3 महीने के लिए डिप्रेशन में चला जाता हूं। एक फिल्म आपके बच्चे की तरह होती है और जब ये नहीं चलती या इसे खारिज कर दिया जाता है तो सचमुच बहुत दर्द होता है। मुझे लगता है कि अपने नुकसान या नाकामी का शोक मनाना बहुत जरूरी है।"
दर्द
आमिर बोले- नाकामी पर खुलकर रोना जरूरी
बातचीत में आमिर आगे बोले, "जब आपकी फिल्म नहीं चलती तो ये किसी बच्चे को खोने जैसा होता है, इसलिए आपको इस पर रोना चाहिए, इसे समय देना चाहिए ताकि ये (दुख) आपके अंदर से पूरी तरह बाहर निकल जाए और आपको जिंदगी में आगे बढ़ने में मदद मिले।" हाल ही में आमिर ने अपने बेटे जुनैद की नई फिल्म 'एक दिन' का निर्माण किया था। दुर्भाग्य से ये फिल्म बॉक्स ऑफिस पर फ्लॉप (असफल) साबित हुई।
असफलता
समीक्षकों की तारीफ भी नहीं आई काम, बुरी तरह पिटी 'एक दिन'
आमिर के होम प्रोडक्शन (AKP) तले बनी जुनैद की फिल्म 'एक दिन' बॉक्स ऑफिस पर बुरी तरह फ्लॉप साबित हुई है। सैकनिल्क के मुताबिक, समीक्षकों की तारीफों के बावजूद फिल्म ने पहले दिन केवल 1 करोड़ रुपये कमाए और 11 दिनों में भारत में ये महज 4.25 करोड़ रुपये ही जुटा पाई। इस नाकामी का भी आमिर पर बहुत गहरा भावनात्मक असर पड़ा है। फिल्म में जुनैद के साथ साई पल्लवी नजर आई थीं। ये उनकी पहली हिंदी फिल्म थी।