'रामायण' के बाद फिर लौटेगी अरुण गोविल-दीपिका चिखलिया की जोड़ी, इस बार होगी फिल्म
क्या है खबर?
रामानंद सागर की लोकप्रिय 'रामायण' (1987) में अरुण गोविल और दीपिका चिखलिया की यादगार जोड़ी आज भी लोगों के दिलों में अपनी एक खास जगह बनाए रखती है। इस पौराणिक टीवी शो में दोनों ने 'भगवान श्रीराम' और 'माता सीता' का किरदार निभाया था। खबर है कि लगभग 39 साल के बाद, दोनों सितारे एक बार फिर से स्क्रीन साझा करने के लिए तैयार हैं। निर्माता आदित्य रघुवंशी की फिल्म 'नोटिस' अरुण और दीपिका की साथ में पहली फिल्म होगी।
फिल्म
अन्याय के खिलाफ लड़ते दिखेंगे अरुण और दीपिका
मिड-डे के मुताबिक, निर्माता-अभिनेता आदित्य ने अपनी आगामी फिल्म 'नोटिस' के बारे में बात की।
उन्होंने कहा, "नोटिस में ये दोनों कलाकार (अरुण व दीपिका) राम और सीता के आधुनिक अवतार के रूप में नजर आते हैं। एक गांव में फिल्माई गई यह फिल्म गोविल के किरदार के इर्द-गिर्द घूमती है, जो एक आम आदमी है और भ्रष्ट व्यवस्था के खिलाफ न्याय के लिए लड़ता है। इस लड़ाई में उसे अपनी पत्नी (दीपिका) का सहारा मिलता है।"
रिलीज
जानिए कब और कहां आएगी फिल्म
उन्होंने आगे कहा, "कहानी के केंद्र में एक 150 साल पुरानी दुकान है। विकास के कारण जिन लोगों ने अपने घर या दुकानें खो दी हैं, वे इससे जुड़ाव महसूस करेंगे। और राम और सीता से बेहतर इस कहानी को कौन सुना सकता है? जहां सत्य और असत्य की लड़ाई होती है, वहां राम और सीता की जोड़ी का होना जरूरी है। आप इसे आधुनिक रामायण कह सकते हैं।"
'नोटिस' 6 नवंबर, 2026 को स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म वेव्स पर रिलीज होगी।