'रामायण' के 'राम-सीता' का बड़ी वापसी: भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ेंगे अरुण गोविल, साथ देंगी दीपिका चिखलिया
दूरदर्शन के मशहूर धारावाहिक 'रामायण' में राम और सीता की अमर भूमिका निभाने वाले अरुण गोविल और दीपिका चिखलिया लगभग 36 साल बाद फिर एक साथ पर्दे पर नजर आने वाले हैं। दोनों कलाकार आगामी फिल्म 'नोटिस' में साथ काम कर रहे हैं।
ये फिल्म एक गांव की पृष्ठभूमि पर आधारित है, जहां अरुण गोविल भ्रष्टाचार के खिलाफ कानूनी लड़ाई लड़ते दिखेंगे और दीपिका चिखलिया उनकी वफादार पत्नी की भूमिका निभाएंगी। प्रसार भारती के ओटीटी प्लेटफॉर्म वेव्स पर आने वाली ये फिल्म दर्शकों को एक बार फिर इस यादगार जोड़ी को पर्दे पर देखने का मौका देगी।
'नोटिस' अब वेव्स और 36 सैटेलाइट चैनलों पर
पुराने और नए दर्शकों को जोड़ने के लिए फिल्म 'नोटिस' का बड़ा प्लान बनाया गया है। ये फिल्म OTT प्लेटफॉर्म पर स्ट्रीम होने के साथ-साथ 36 सैटेलाइट चैनलों पर भी प्रसारित की जाएगी। निर्माता आदित्य प्रताप सिंह रघुवंशी के मुताबिक, इसका मकसद रामायणकाल के पुराने प्रशंसकों की यादें ताजा करना और नई पीढ़ी को भी इन दिग्गज कलाकारों के अभिनय से रूबरू कराना है।