अरशद वारसी के हाथ लगी फरहान अख्तर की नई सीरीज, साथ होंगे ये कलाकार
क्या है खबर?
अरशद वारसी पहली बार फरहान अख्तर के साथ काम करने जा रहे हैं। बताया जा रहा है कि यह एक अनाम थ्रिलर सीरीज होगी जिसका निर्माण एक्सेल एंटरटेनमेंट, बावेजा स्टूडियोज के सहयोग से कर रहा है। निर्देशन की कमान मिहिर देसाई ने संभाली है। खबर यह भी है कि सीरीज का पहला शेड्यूल लंदन में शुरू किया जा चुका है। इस सहयोग की चर्चा तब से थी, जब पैपराजी ने अरशद को कई बार फरहान के ऑफिस जाते देखा था।
परियोजना
अरशद पर दांव लगाने के लिए तैयार फरहान
मिड-डे के मुताबिक, फरहान और रितेश सिधवानी मिलकर अपनी कंपनी एक्सेल एंटरटेनमेंट के जरिए एक थ्रिल सीरीज का निर्माण कर रहे हैं, जिसमें अरशद नजर आएंगे।
इस सहयोग की पुष्टि करते हुए एक सूत्र ने कहा, "यह पहली बार है जब अरशद, फरहान और रितेश के साथ काम कर रहे हैं। अभिनेता को यह पसंद है कि वे हमेशा अलग-अलग तरह की कहानियों, नए निर्देशकों और लेखकों पर दांव लगाने के लिए तैयार रहते हैं, खासकर OTT पर।"
कलाकार
अरशद के साथ ये सितारे भी होंगे सीरीज का हिस्सा
रिपोर्ट में आगे कहा गया है कि रसिका दुग्गल और करण टैकर भी इस सीरीज का हिस्सा होंगे।
इस अनाम सीरीज के निर्देशन का काम मिहिर देसाई ने संभाला है, जिन्होंने अमेजन प्राइम वीडियो की सीरीज 'मिर्जापुर' के पहले 2 सीजन को निर्देशित किया था।
सूत्र ने यह भी बताया कि सीरीज का पहला शेड्यूल लंदन में शुरू हो गया है।
बता दें, अरशद को आखिरी बार राजकुमार हिरानी की सीरीज 'प्रीतम एंड पेड्रो' (2026) में देखा गया था।