Page Loader
रेप केस में प्रोड्यूसर और अभिनेता विजय बाबू के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी
विजय बाबू के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी

रेप केस में प्रोड्यूसर और अभिनेता विजय बाबू के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी

May 09, 2022
04:55 pm

क्या है खबर?

मलयालम फिल्म इंडस्ट्री के प्रोड्यूसर और अभिनेता विजय बाबू की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। हाल में एक महिला ने उनपर यौन शोषण का आरोप लगाया था। एक मलयालम अभिनेत्री ने कहा था कि विजय ने उनका बलात्कार किया है। इसके बाद मनोरंजन जगत में काफी बवाल मचा था। अब इस मामले में विजय पर शिकंजा कसने की कोशिश की गई है। प्रोड्यूसर विजय के खिलाफ कोर्ट ने एक गिरफ्तारी वारंट जारी किया है।

रिपोर्ट

रेड कॉर्नर नोटिस जारी करने की कवायद शुरू

इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक, एर्नाकुलम की एक स्थानीय अदालत ने विजय के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया है। विजय फरार चल रहे हैं और पुलिस ने उनकी तलाश तेज कर दी है। उनके खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस जारी करने की कवायद शुरू हो चुकी है। आने वाले दिनों में विजय की तस्वीरों के साथ मामले की डिटेल अंतरराष्ट्रीय आपराधिक पुलिस संगठन (इंटरपोल) की वेबसाइट पर पोस्ट कर दी जाएगी।

रेड कॉर्नर नोटिस

रेड कॉर्नर नोटिस का क्या होता है उद्देश्य?

रेड कॉर्नर नोटिस जारी होने के बाद दुबई पुलिस कानूनी रूप से अभिनेता विजय को हिरासत में ले सकेगी और उन्हें भारत को प्रत्यर्पित कर सकेगी। हालांकि, पुलिस को नहीं लगता है कि विजय किसी दूसरे देश में चले जाएंगे। रेड कॉर्नर नोटिस जारी करने का उद्देश्य संदिग्ध अपराधियों पर अपनी दबिश मजबूत करना है। यह नोटिस वांछित अपराधियों और आरोपियों की गिरफ्तारी या उनके प्रत्यर्पण को हासिल करने के लिए जारी किया जाता है।

मामला

कोझिकोड की रहने वाली अभिनेत्री ने दर्ज करवाया था मामला

विजय पर कोझिकोड जिले की रहने वाली एक अभिनेत्री ने 22 अप्रैल को यौन उत्पीड़न का मामला दर्ज कराया था। अभिनेत्री ने बताया था कि विजय ने कोच्चि के एक फ्लैट में उनका यौन शोषण किया। उनका उत्पीड़न एक बार नहीं, बल्कि कई बार किया गया। विजय ने उन्हें फिल्म में रोल देने का वादा किया, लेकिन उसे पूरा नहीं किया। केस दर्ज होने के बाद अभिनेता विजय के खिलाफ लुक आउट नोटिस जारी किया गया था।

जानकारी

विजय ने अपने ऊपर लगे आरोपों को किया खारिज

विजय ने फेसबुक लाइव के जरिए अपने ऊपर लगे सभी आरोपों को झूठ बताया है। यहां तक कि उन्होंने पीड़िता का नाम भी सार्वजनिक कर दिया था। इसके बाद उनपर एडिशनल चार्जेज लगे थे।

अन्य मामला

एक अन्य महिला ने भी विजय पर लगाया यौन शोषण का आरोप

हाल में एक अन्य महिला ने विजय पर मीटू के तहत उत्पीड़न का गंभीर आरोप लगाया था। उन्होंने कहा कि काम के सिलसिले में मुलाकात के दौरान विजय ने उनके साथ गलत हरकत की। इस महिला ने आरोप लगाते हुए कहा था कि 20-30 मिनट की मीटिंग के बाद विजय ने उन्हें किस करने की कोशिश की। सोशल मीडिया पेज #MeToo Kerala पर महिला ने इस वाकया का खुलासा किया था।

जानकारी

न्यूजबाइट्स प्लस (फैक्ट)

कई महिलाओं ने विजय पर इस तरह के आरोप लगाए हैं। कुछ समय पहले प्रोड्यूसर सैंड्रा थॉमस ने भी विजय के खिलाफ यौन उत्पीड़न का मामला दर्ज करवाया था। हालांकि, बाद में यह केस वापस ले लिया गया था।