Loading...
अर्जुन रामपाल ने गैब्रिएला संग रचाई शादी, 2 बच्चों के बाद कानूनी रूप से बने पति-पत्नी
अर्जुन रामपाल ने रचाई शादी

अर्जुन रामपाल ने गैब्रिएला संग रचाई शादी, 2 बच्चों के बाद कानूनी रूप से बने पति-पत्नी

Aug 21, 2026
06:53 pm

क्या है खबर?

अभिनेता अर्जुन रामपाल ने अपनी लंबे समय से साथी रहीं गैब्रिएला डेमेट्रिएड्स के साथ गोवा में शादी कर ली है। दोनों ने बार्देज सब-रजिस्ट्रार कार्यालय में अपनी शादी का पंजीकरण कराकर कानूनी तौर पर एक-दूसरे को अपना जीवनसाथी बनाया। साल 2018 से एक-दूसरे के साथ रह रही इस जोड़ी के पहले से ही 2 बच्चे हैं। कुछ ही समय पहले रिया चक्रवर्ती के पॉडकास्ट में 53 वर्षीय अर्जुन ने अपनी सगाई की पुष्टि की थी।

कोर्ट मैरिज

कोर्ट से मिली खास राहत, 15 दिन की प्रक्रिया तुरंत हुई पूरी

अर्जुन रामपाल और गैब्रिएला आखिरकार कानूनी रूप से एक-दूसरे के हो गए हैं। दोनों ने कोर्ट मैरिज कर ली है।

PTI के मुताबिक, ये शादी उत्तरी गोवा के मापुसा में उप-पंजीयक कार्यालय में करीबी दोस्तों की मौजूदगी में हुई।

स्थानीय कानून के अनुसार विवाह के लिए दो हस्ताक्षरों के बीच 15 दिनों का इंतजार करना जरूरी होता है। हालांकि, इस जोड़े ने स्थानीय अदालत से विशेष अनुमति लेकर इस 15 दिन की अवधि से छूट प्राप्त कर ली थी।

पंजीकरण

गोवा UCC के तहत पंजीकृत हुई अर्जुन की शादी

उप-पंजीयक सूरज वेर्नेकर के अनुसार, ये विवाह गोवा के समान नागरिक संहिता (UCC) के तहत पंजीकृत हुआ।

अर्जुन-गैब्रिएला शाम लगभग 4 बजे साधारण कपड़ों में पहुंचे। ये जोड़ी साल 2018 से साथ है, जब अर्जुन अपनी पूर्व पत्नी मेहर जेसिया से अलग हुए थे।

2019 में इनके पहले बेटे अरिक का जन्म हुआ, जबकि 2023 में उन्होंने दूसरे बेटे अरिव का स्वागत किया। साल 2025 में, डेटिंग के 6 साल बाद अर्जुन ने गैब्रिएला संग सगाई की घोषणा की थी।

ADVERTISEMENT

पहली शादी

अर्जुन ने पूर्व सुपरमॉडल मेहर जेसिया से की थी पहली शादी

अर्जुन की पहली शादी साल 1998 में पूर्व सुपरमॉडल और बिजनेसवुमन मेहर जेसिया से हुई थी। दोनों की 2 बेटियां हैं माहिका और मायरा। शादी के 20 साल बाद 2018 में अर्जुन और मेहर ने आपसी सहमति से अलग होने का ऐलान किया और साल 2019 में उनका आधिकारिक तलाक हो गया।

अलग होने के बाद भी दोनों अपनी बेटियों की परवरिश मिलकर करते हैं। मेहर से अलग होने के बाद ही अर्जुन गैब्रिएला के साथ रिश्ते में आए।

ADVERTISEMENT