अर्जुन कपूर 100 कैंसर पीड़ित कपल की करेंगे आर्थिक मदद
क्या है खबर?
दुनियाभर में कोरोना वायरस की महामारी ने हम सभी को बुरी तरह प्रभावित किया है। इसी बीच कई लोगों ने आगे बढ़ कर मदद का हाथ भी बढ़ाया है।
बॉलीवुड अभिनेता सोनू सूद समेत कई हस्तियों ने लॉकडाउन के दौरान मजदूरों की आर्थिक मदद की।
अब अभिनेता अर्जुन कपूर ने 14 फरवरी को 'वेलेंटाइन डे' के मौके पर 100 कैंसर पीड़ित कपल की आर्थिक मदद का ऐलान किया है।
आइए जानें पूरी खबर।
स्पॉन्सर
मरीजों के इलाज को मुफ्त में स्पॉन्सर करेंगे अर्जुन
अर्जुन कपूर ने इंस्टाग्राम पोस्ट में बताया कि वह 100 कैंसर पीड़ित कपल की आर्थिक मदद करने वाले हैं। अर्जुन कैंसर पीड़ित ऐसे मरीजों के इलाज के लिए मुफ्त में स्पॉन्सर करने जा रहे हैं।
अर्जुन का मकसद है कि इस प्रकार के मरीजों को इलाज में सहायता मिल जाए। वह चाहते हैं कि ऐसे लोगों को मदद करने के लिए समाज में जागरूकता फैले।
अर्जुन, कैंसर पेशेंट्स एड एसोसिएशन (CPAA) के साथ मिलकर इस काम को पूरा करेंगे।
जानकारी
'वेलेंटाइन डे' पर कुछ अलग करना चाहते थे अर्जुन
अर्जुन ने कहा कि इस महामारी ने हमें मदद करने की सीख दी है। इसलिए वह वेलेंटाइन डे पर कुछ अलग करने का विचार कर रहे थे।
उन्होंने कहा, "हम फरवरी में वेलेंटाइन डे मना रहे हैं। इसके द्वारा हम अपने जीवनसाथी को कुछ खुशनुमा लम्हों को महसूस करना चाहते हैं। हालांकि, हमने इस अवसर पर कुछ अलग करने का फैसला किया है।"
गौरतलब है कि अर्जुन की मां मोना शौरी का निधन भी कैंसर के कारण हुआ था।
आर्थिक मदद
प्रत्येक साल एक लाख रुपये की आर्थिक मदद का ऐलान
अर्जुन ने बताया कि 'कैंसर पैशेंट्स एड एसोसिएशन' के साथ मिलकर वह 100 ऐसे कैंसर पीड़ित कपल की आर्थिक मदद करेंगे, जिन्हें आर्थिक रूप से मदद की जरूरत होगी।
यदि कपल में कोई शख्स कैंसर पीड़ित है और दूसरा व्यक्ति उसे मदद कर रहा है, तो अर्जुन उनकी सहायता करेंगे।
उन्होंने कहा कि उनके इलाज के लिए एक लाख रुपये का आर्थिक मदद प्रत्येक साल करेंगे। इससे मरीजों की किमोथेरेपी, रेडियोथेरेपी, सर्जरी और दवाइयों का खर्च निकल जाएगा।
जोखिम
कैंसर बढ़ाता है कोरोना का जोखिम- अर्जुन
अर्जुन ने कहा कि कैंसर जैसी पुरानी बीमारियां रोग प्रतिरोधक क्षमता को कमजोर कर देती है। इससे कोरोना का जोखिम भी बढ़ जाता है।
उन्होंने आगे कहा, "पिछला साल कैंसर पीड़ित कपल के लिए कष्टदायक रहा। इस बीमारी से पीड़ित कई ऐसे कपल हैं, जिनके पास भोजन और जरूरी दवाइयों को खरीदने के पैसे भी नहीं हैं।"
जानकारी
इन फिल्मों में नजर आएंगे अर्जुन कपूर
अभिनेता अर्जुन कपूर इस साल कई फिल्मों में नजर आ सकते हैं। कॉमेडी हॉरर फिल्म 'भूत पुलिस' में वह सैफ अली खान के साथ दिख सकते हैं। इसके अलावा वह 'एक विलेन रिटर्नस' में भी नजर आएंगे।