रणवीर सिंह की फिल्म 'धुरंधर' के दीवाने हुए पाकिस्तानी पूर्व मेयर, बोले- जो दिखाया, वो 100 फीसदी सच
कराची के जमशेद टाउन के पूर्व मेयर और पाकिस्तानी पत्रकार आरिफ आजकिया ने रणवीर सिंह की फिल्म 'धुरंधर' की जमकर तारीफ की है। 'टॉक जर्नलिज्म' में उन्होंने कहा कि इस फिल्म ने लयारी के अपराध जगत की जमीनी हकीकत को बिल्कुल सच दिखाया है।
आजकिया ने बताया, "मैं लयारी में ही पैदा हुआ और पला-बढ़ा हूं। फिल्म बनने के दौरान मैं वहां का मेयर था, इसलिए मैं जानता हूं कि जो कुछ दिखाया गया, वो सब सच है। जूनागढ़ (गुजरात) से अपना पारिवारिक कनेक्शन बताते हुए उन्होंने भावुक होकर कहा कि पाकिस्तान में रहने के बावजूद उनके दिल में एक हिन्दुस्तानी बसता है।
'धुरंधर: द रिवेंज' ने दुनियाभर में पार किए 1,800 करोड़
फिल्म 'धुरंधर: द रिवेंज' (जो मार्च 2026 में रिलीज हुई) इन दिनों काफी चर्चा में है। ये दुनियाभर में 1,800 करोड़ से ज्यादा की कमाई कर चुकी है और भारत की दूसरी सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म बन गई है। जो दर्शक इसे देखना चाहते हैं, उनके लिए ये फिल्म भारत के बाहर नेटफ्लिक्स पर पहले से ही उपलब्ध है, वहीं भारत में ये 4 जून से जियो हॉटस्टार पर उपलब्ध होगी।