अपारशक्ति खुराना का हैरान करने वाला ऐलान, बोले- 10 साल बाद अभिनय छोड़ बनूंगा दर्जी
अभिनेता अपारशक्ति खुराना ने अपनी एक खास योजना के बारे में बताया है। उन्होंने कहा कि वे अगले 10 से 12 सालों में अभिनय छोड़ना चाहते हैं।
इसकी वजह है टेलरिंग सीखना। वे सिर्फ डिजाइनिंग नहीं, बल्कि कपड़ों की असली कटिंग और सिलाई सीखना चाहते हैं।
उन्होंने यह बात नेहा धूपिया और अंगद बेदी के शो 'डबल डेट' पर बताई। अपारशक्ति का यह शौक 'दंगल' फिल्म से पहले का है, जब वे मुंबई में एक स्टाइलिस्ट के तौर पर काम किया करते थे।
अपारशक्ति ने पत्नी को बताया अपनी कामयाबी का राज
हाल ही में एक बातचीत के दौरान अपारशक्ति ने अपने शुरुआती संघर्ष के दिनों को याद किया।
उन्होंने बताया कि मुंबई आने के बाद वे एक TV स्टाइलिस्ट के तौर पर काम करते थे और कई निर्मताओं को मैसेज भेजते थे, पर उन्हें कोई जवाब नहीं मिलता था, लेकिन जब उन्होंने आकृति खुराना से शादी की, तब उनकी जिंदगी पूरी तरह बदल गई।
उन्होंने कहा, 'मैं लेडी लक में बिल्कुल यकीन नहीं करता था, लेकिन फिर मुझे अहसास हुआ कि 'ऐसा भी कुछ हो सकता है।'
फिलहाल, वे अभिनय में काफी व्यस्त हैं। उनकी हाल ही में Zee5 पर रिलीज हुई फिल्म 'जब खुली किताब' में वे पंकज कपूर और डिंपल कपाड़िया के साथ नजर आए।
इसके अलावा, वे अपनी तमिल फिल्म 'रूट' के आने की तैयारियों में भी जुटे हुए हैं।