एपी ढिल्लों फायरिंग केस: कनाडा सरकार का बिश्नोई गैंग के सदस्य अभिजीत किंगरा पर बड़ा एक्शन
क्या है खबर?
जाने-माने पंजाबी गायक एपी ढिल्लों के कनाडा स्थित घर पर हुई फायरिंग के मामले में कनाडाई सरकार ने बड़ी कार्रवाई की है। लॉरेंस बिश्नोई गैंग के जुड़े आरोपी शूटर अभिजीत किंगरा को कनाडा से भारत भेजने का आदेश दे दिया गया है। कनाडा के कोर्ट ने उसे देश की सुरक्षा के लिए खतरा मानते हुए ये फैसला सुनाया है। कनाडाई कोर्ट और आव्रजन विभाग ने अभिजीत को देश की आंतरिक सुरक्षा के लिए एक बड़ा और गंभीर खतरा माना है।
कूमकू
बिश्नोई गैंग के शूटर अभिजीत किंगरा को भेजा जाएगा भारत
एपी ढिल्लों के घर पर हुई फायरिंग के मामले में एक बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। कनाडा के 'इमिग्रेशन एंड रिफ्यूजी बोर्ड' (IRB) ने भारतीय नागरिक अभिजीत किंगरा को देश से निष्कासित करने का आदेश दिया है। बोर्ड ने अपने फैसले में स्पष्ट किया है कि अभिजीत किंगरा कुख्यात लॉरेंस बिश्नोई गैंग का सदस्य है। ये एक ऐसा संगठित आपराधिक गिरोह है, जो कथित तौर पर हत्या, जबरन वसूली, गोलीबारी, आगजनी और डराने-धमकाने जैसी आपराधिक गतिविधियों में शामिल है।
शिकंजा
कनाडा में एक और हमले के आरोप में घिरा अभिजीत किंगरा
अभिजीत स्टूडेंट वीजा पर कनाडा आया था। सुनवाई के दौरान कनाडाई इमिग्रेशन एंड रिफ्यूजी बोर्ड (IRB) ने पाया कि वो ब्रिटिश कोलंबिया में हुई एक गोलीबारी में शामिल था, जिसमें 14 राउंड गोलियां चलाई गई थीं। बोर्ड के अनुसार, घटना के दौरान उसके एक साथी ने घर मालिक के वाहनों में आग भी लगा दी थी। किंगरा और उसका साथी ब्रिटिश कोलंबिया के सरे में हुई एक अन्य समान घटना के मामले में भी आरोपों का सामना कर रहे हैं।
एक्शन
400 से ज्यादा मामलों की जांच, 55 अपराधी देश से बाहर
देश निकाला की ये कार्रवाई कनाडाई अधिकारियों द्वारा जबरन वसूली और हिंसा में शामिल संगठित आपराधिक गिरोहों के खिलाफ चलाए जा रहे एक बड़े देशव्यापी अभियान का हिस्सा है। 'कनाडा बॉर्डर सर्विसेज एजेंसी' (CBSA) के अनुसार, पूरे देश में संगठित आपराधिक गतिविधियों से जुड़े 400 से अधिक मामलों की जांच शुरू की जा चुकी है, जबकि अब तक 55 संदिग्धों को देश से बाहर निकाला (निष्कासित किया) जा चुका है।
कुबूलनामा
अभिजीत किंगरा ने पैंसों के लिए की थी गायक के घर गोलीबारी
सुनवाई के दौरान किंगरा ने दावा किया कि उसे 2 सितंबर, 2024 को गायक एपी ढिल्लों के घर पर हमला करने के लिए 4,000 कनाडाई डॉलर (लगभग 2.4 लाख रुपये) की पेशकश की गई थी। उसने बोर्ड को बताया कि वह इस बात से बिल्कुल अनजान था कि वो बिश्नोई गैंग के लिए काम कर रहा है, और उसने अपने परिवार की आर्थिक मदद करने के लिए इस काम को स्वीकार किया था।
लोकप्रियता
दुनियाभर में लोकप्रिय हैं एपी ढिल्लों
पंजाब के गुरदासपुर जिले में मुल्लियांवाल के रहने वाले अमृतपाल सिंह ढिल्लों उर्फ एपी ढिल्लों पंजाबी म्यूजिक इंडस्ट्री में जाना-पहचाना नाम हैं। जाह्नवी कपूर और अनन्या पांडे से लेकर आम दर्शकों तक, ढिल्लों के चाहने वालों की सूची काफी लंबी है। ढिल्लों अपने गाने खुद ही बनाते हैं। उनके 5 गाने UK एशियन और पंजाबी चार्ट पर भी शीर्ष में रहे हैं। इतना ही नहीं 'मझैल' और 'ब्राउन मुंडे' जैसे उनके गानों ने बिलबोर्ड चार्ट में अपनी जगह बनाई है।