Page Loader
अनुष्का प्रेग्नेंसी में पहने कपड़ों की करेंगी नीलामी, मैटरनिटी स्वास्थ्य को देंगी बढ़ावा
अनुष्का प्रेग्नेंसी में पहने कपड़ों की करेंगी नीलामी

अनुष्का प्रेग्नेंसी में पहने कपड़ों की करेंगी नीलामी, मैटरनिटी स्वास्थ्य को देंगी बढ़ावा

Jun 29, 2021
07:55 pm

क्या है खबर?

अनुष्का शर्मा और भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान विराट कोहली साल की शुरुआत में अपने पहले बच्चे के माता-पिता बने हैं। पहली बार मां बनने को लेकर इस साल अनुष्का काफी चर्चा में रही हैं। वह अभी अपना पूरा ध्यान अपनी बेटी वामिका की देखभाल करने में लगा रही हैं। अब जानकारी सामने आ रही है कि अनुष्का प्रेग्नेंसी में पहने अपने कपड़ों की नीलामी करेंगी। इससे जमा हुए पैसे से वह मैटरनिटी स्वास्थ्य को बढ़ावा देने में योगदान देंगी।

सूचना

अनुष्का ने इंस्टाग्राम पर वीडियो शेयर करके दी जानकारी

अनुष्का ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम हैंडल पर वीडियो शेयर करके अपने इस पहल की जानकारी लोगों को दी है। उन्होंने आज मंगलवार को अपने इंस्टाग्राम पोस्ट में लिखा, 'मैं अपनी इस नई पहल को लॉन्च करने के लिए रोमांचित हूं। इसके माध्यम से मैंने अपने कुछ पसंदीदा मैटरनिटी वियर को ऑनलाइन चैरिटी बिक्री के लिए साझा किया है। इस अभियान के जरिए मैटरनिटी स्वास्थ्य को बढ़ावा देने पर बल दिया जाएगा।'

इंस्टाग्राम पोस्ट

यहां देखिए अनुष्का का इंस्टाग्राम पोस्ट

जानकारी

स्नेहा फाउंडेशन की मदद से अभियान चलाएंगी अनुष्का

अनुष्का स्नेहा फाउंडेशन की मदद से यह अभियान चलाएंगी। अभिनेत्री ने अपने वीडियो में बताया कि अगर एक फीसदी महिलाएं भी उनके मैटरनिटी कपड़ों को खरीदती हैं, तो एक पीस से ढाई लाख लीटर पानी बचाया जा सकता है, जो कि एक व्यक्ति 200 साल में पीता है। इस अभियान में जमा हुए पैसे को अनुष्का स्नेहा फाउंडेशन के जरिए महिलाओं की मैटरनिटी हेल्थ पर खर्च करेंगी। अनुष्का को यह आइडिया उनकी प्रेग्नेंसी के दौरान आया था।

बयान

'प्रीलव्ड' कपड़े खरीदने से पर्यावरण में आएगा बदलाव- अनुष्का

टाइम्स ऑफ इंडिया को इंटरव्यू में अनुष्का ने कहा, "यह हम सभी के लिए विनम्र जिंदगी जीने का एक बहुत साधारण तरीका है। कपड़ों को वापस सर्कुलर फैशन में शेयर करके और 'प्रीलव्ड' कपड़े खरीद कर हम पर्यावरण में एक सकारात्मक बदलाव ला सकते हैं। मेरी प्रेग्नेंसी के दौरान मैंने सोचा था कि हमारी जिंदगी का यह फेज सर्कुलर इकोनॉमी में हिस्सा लेने के लिए बहुत यूनिक है।" उन्होंने उम्मीद जतायी है कि इससे इकोसिस्टम पर अच्छा प्रभाव पड़ेगा।

वर्कफ्रंट

इस प्रोजेक्ट को लेकर चर्चा में हैं अनुष्का

अनुष्का को आखिरी बार 2018 में आई फिल्म 'जीरो' में देखा गया है। इस फिल्म में वह शाहरुख खान के साथ दिखी थीं। फिल्म का निर्देशन आनंद एल राय ने किया था। इस फिल्म के बाद अभिनेत्री अनुष्का ने अपनी कोई फिल्म की घोषणा नहीं की है। अनुष्का की प्रोडक्शन कंपनी 'क्लीन स्लेट फिल्म्स' के बैनर तले फिल्म 'काला' का निर्माण किया जा रहा है। फिल्म से दिवंगत अभिनेता इरफान खान के बेटे बाबिल खान डेब्यू करेंगे।