LOADING...
अनुष्का शर्मा से नाना पाटेकर तक, करगिल युद्ध से जुड़े हैं इन कलाकारों के तार
करगिल युद्ध से है इन सितारों का कनेक्शन

अनुष्का शर्मा से नाना पाटेकर तक, करगिल युद्ध से जुड़े हैं इन कलाकारों के तार

Jul 26, 2024
02:43 pm

क्या है खबर?

भारतीय सैनिकों ने कई मौकों पर अपनी परवाह किए बिना दुश्मनों से लड़कर हमारी रक्षा की है। ऐसी ही एक तारीख भारतीय इतिहास में अमर हो चुकी है। वो तारीख है 26 जुलाई, 1999 की। भारत-पाकिस्तान के बीच 1999 में 2 महीने से अधिक तक करगिल युद्ध चला, जिसका अंत 26 जुलाई को भारत की जीत के साथ हुआ। आपने करगिल युद्ध पर बनीं फिल्में देखी होंगी, लेकिन आज हम आपको इस युद्ध से जुड़े कलाकारों से मिलवा रहे हैं।

#1

अनुष्का शर्मा 

अनुष्का शर्मा किसी परिचय की मोहताज नहीं हैं, लेकिन शायद आप इस बात से अनजान होंगे कि वह सैनिक परिवार से ताल्लुक रखती हैं। उनके पिता अजय शर्मा भारतीय सेना में कर्नल रह चुके हैं और उन्होंने करगिल युद्ध भी लड़ा है। अनुष्का ने खुद एक इंटरव्यू में बताया था कि 1982 के बाद जितने भी युद्ध हुए, उनके पिता उनमें शामिल थे। जब अनुष्का 11 साल की थीं तो उनके पिता करगिल में पाकिस्तान के खिलाफ लड़ने गए थे।

#2

गुल पनाग

गुल पनाग ने कई फिल्मों और सीरीज में अपनी अदाकारी से दर्शकों को अपना मुरीद बनाया है। उनके पिता हरचरणजीत सिंह भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट जनरल के पद पर थे। उन्हें राष्ट्र की सेवा के लिए प्रतिष्ठित परम विशिष्ट सेवा पदक और अति विशिष्ट सेवा पदक भी मिला था। उन्होंने बतौर ब्रिगेडियर कमांडर, करगिल युद्ध का केंद्र रहे यालडोर सेक्टर में एक मिशन का नेतृत्व किया था, जिसमें 35 पाकिस्तानी बंकर तबाह किए गए और कई पाकिस्तानी सैनिक मारे गए।

#3

बिक्रमजीत कंवरपाल

'द गाजी अटैक' जैसी कई फिल्मों से दर्शकों का दिल जीत चुके बिक्रमजीत कंवरपाल सेवानिवृत्त भारतीय सेना अफसर हैं। 2003 में अभिनेता बनने का सपना पूरा करने के लिए उन्होंने बॉलीवुड का रुख किया था। 2021 में कोविड के कारण 52 की उम्र में उनका निधन हो गया। विक्रमजीत के निधन के बाद उनकी बचपन की दोस्त ने बताया था कि वह करगिल युद्ध का हिस्सा भी रहे थे। युद्ध से लौटने के बाद ही वह बॉलीवुड में आए थे।

#4

नाना पाटेकर 

मशहूर अभिनेता नाना पाटेकर भी करगिल युद्ध का हिस्सा रहे हैं। वह युद्ध में क्विक रिएक्शन टीम का हिस्सा थे। उन्होंने खुद यह खुलासा किया था। करगिल युद्ध के दौरान उन्होंने अभिनय से ब्रेक ले लिया था और एक मेजर के रूप में लाइट इन्फैंट्री रेजिमेंट में भर्ती हो गए थे। नाना ने कहा था, "हम इतना सा तो कर ही सकते हैं देश के लिए। हमारा सबसे बड़ा हथियार बोफोर्स या AK-47 नहीं, बल्कि हमारे जवान हैं।"

जानकारी

रणविजय सिंह

'MTV रोडीज' के होस्ट रहे और अभिनेता रणविजय सिंह हमेशा से भारतीय सेना में जाना चाहते थे। उनके पिता लेफ्टिनेंट जनरल इकबाल सिंह करगिल युद्ध का हिस्सा रहे हैं। युद्ध में एक रेजिमेंट का नेतृत्व कर चुके इकबाल उस वक्त राजौरी-पुंछ सेक्टर में तैनात थे।