LOADING...
अनुराग डोभाल की हालत नाजुक, सलामती के लिए मैनेजर ने प्रशंसकों से की भावुक अपील
अनुराग डोभाल की हालत नाजुक

अनुराग डोभाल की हालत नाजुक, सलामती के लिए मैनेजर ने प्रशंसकों से की भावुक अपील

Mar 14, 2026
11:29 am

क्या है खबर?

लोकप्रिय यूट्यूबर अनुराग डोभाल (UK07 Rider) की हालत एक बार फिर चिंताजनक हो गई है। खुदकुशी की कोशिश और कार क्रैश जैसी दर्दनाक घटनाओं के बाद उन्हें कुछ देर के लिए ICU से बाहर लाया गया था, लेकिन उनकी स्थिति फिर बिगड़ गई है। उनके मैनेजर ने सोशल मीडिया पर प्रशंसकों से भावुक अपील की है कि वे अनुराग की सलामती के लिए दुआ करें। इस खबर ने उनके फैंस को गहरे सदमे में डाल दिया है।

स्थिति

मैनेजर ने बताई अनुराग की हालत

'बिग बॉस 17' से मशहूर हुए यूट्यूबर अनुराग डोभाल को कुछ समय के लिए ICU से बाहर लाया गया था, लेकिन उसके बाद उनकी स्थिति और भी गंभीर हो गई। अनुराग को हाल ही में एक कार हादसे के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उनके मैनेजर रोहित पांडे ने उनके स्वास्थ्य के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि अनुराग की स्थिति फिलहाल बहुत गंभीर है और पहले के मुकाबले ज्यादा बिगड़ चुकी है।

अपडेट

अनुराग की गंभीर स्थिति, फेफड़ों में चोट और निमोनिया

मैनेजर ने इंस्टाग्राम पर लिखा, 'अनुराग भाई की स्थिति बेहद गंभीर और चिंताजनक हो गई है। हादसे के दौरान उनके फेफड़ों को गंभीर चोट पहुंची थी, जिसके कारण संक्रमण फैल गया है। उन्हें गंभीर निमोनिया है और वो इस समय डॉक्टरों की कड़ी निगरानी में हैं। हम आपसे उनके लिए प्रार्थना करने का अनुरोध करेंगे।' 12 मार्च को अनुराग को ICU से छुट्टी मिली थी। मैनेजर ने उनकी अस्पताल में मुस्कुराती हुई सेल्फी शेयर कर सेहत की जानकारी दी थी।

Advertisement

हादसा

कैसे हुआ था अनुराग के साथ हादसा?

पिछले कुछ समय से अनुराग भारी मानसिक दबाव और 'डिप्रेशन' से जूझ रहे हैं। अपनी निजी जिंदगी में चले तनाव और मतभेदाें ने उनके मानसिक स्थिति पर गहरा असर डाला और वो इस हद तक परेशान हो गए कि उन्होंने इंस्टाग्राम पर लाइव आकर आत्महत्या करने का प्रयास किया। अनुराग इसे अपनी 'आखिरी सवारी' बताकर दिल्ली-देहरादून हाईवे पर तेज रफ्तार में कार चलाते दिखे। इस भयानक क्रैश में वो बच तो गए, लेकिन बुरी तरह चोटिल हो गए।

Advertisement

व्लॉग

अनुराग का यूट्यूब पर वो 'आखिरी वीडियो'

इस दुर्घटना से पहले अनुराग ने अपने यूट्यूब चैनल पर एक बेहद भावुक वीडियो पोस्ट किया था, जिसे उन्होंने अपना 'आखिरी वीडियो' बताया। अनुराग ने आरोप लगाया कि पत्नी रितिका के साथ उनके विवाह को लेकर उनका परिवार खुश नहीं था। इसी वजह से उन्हें लगातार मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था। उन्होंने दावा किया कि था कि अगर उन्हें कुछ हुआ तो सीधेतौर पर उनकी मौत के जिम्मेदार उनके माता-पिता और भाई होंगे।

Advertisement