परिणीति चोपड़ा की 'शक' से सीन कटने से निराश अनूप सोनी, बोले- बड़ी मेहनत की थी
क्या है खबर?
मशहूर अभिनेता अनूप सोनी हाल ही में मिस्ट्री-थ्रिलर 'शक: ट्रस्ट नो वन' में इंस्पेक्टर खुराना के रूप में नजर आए, जिसमें परिणीति चोपड़ा मुख्य भूमिका में थे। हालांकि, अब अभिनेता ने इस बात पर निराशा जताई है कि उनके कुछ सीन इस सीरीज से हटा दिए गए थे। हाल ही में अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर अनूप ने कुछ वीडियो साझा किए, जिनमें वो 'शक' के कुछ सीन शूट करते नजर आए। ये सीन दर्शकों तक नहीं पहुंच सके थे।
अनूप
सीन कटने पर क्या बोले अनूप
अनूप ने 3 वीडियो साझा किए, जिनमें वो एक्शन सीक्वेंस शूट करते दिखाई दिए।
उन्होंने कैप्शन में लिखा, ' मेरी सीरीज 'शक' से खुराना साहब के कुछ ऐसे सीन, जो अंतिम संस्करण में शामिल नहीं हो पाए। इनको तैयार करने में काफी सोच-विचार, समय, मेहनत और संसाधनों का इस्तेमाल होता है, जिसमें लेखक, निर्देशक, एक्शन-कोरियोग्राफर, कलाकार, सिनेमैटोग्राफर, निर्माता और क्रू अपना योगदान देते हैं।'
उन्होंने कहा कि जब कोई हिस्सा फाइनल कट में शामिल नहीं होता तो निराशा होती है।
जानकारी
ये सब प्रक्रिया का हिस्सा है- अनूप
निराशा होने के बाद भी अनूप ने कहा कि फिल्म निर्माण में बड़ी तस्वीर को देखना होता है। उनके मुताबिक, कभी-कभार किसी चीज को हटा देने से कहानी बेहतर बन जाती है और ये सब इसी प्रक्रिया का हिस्सा है।