तमन्ना भाटिया के पैरों में गिरेंगे अन्नू कपूर? बोले- नीयत साफ है, झुकने में शर्म नहीं
क्या है खबर?
अन्नू कपूर अपने बेबाक अंदाज के लिए जाने जाते हैं, लेकिन एक बार उनकी जुबान से निकला एक जुमला उन्हीं के लिए जी का जंजाल बन गया। अभिनेत्री तमन्ना भाटिया पर की गई एक टिप्पणी ने ऐसा तूल पकड़ा कि अब अभिनेता को सफाई देने के लिए सामने आना पड़ा है। अन्नू ने यहां तक कह दिया कि वो तमन्ना के पैर तक छूने को तैयार हैं। आखिर क्यों; अन्नू कपूर को मांगनी पड़ रही ऐसी माफी, आइए जानते हैं।
विवाद
तमन्ना के 'आज की रात' गाने पर अन्नू ने की थी विवादित टिप्पणी
मामला साल 2025 के उस इंटरव्यू से जुड़ा है, जो उन्होंने द लल्लनटॉप को दिया था। इस इंटरव्यू में फिल्म 'स्त्री 2' के सुपरहिट गाने 'आज की रात' और तमन्ना भाटिया के प्रदर्शन पर चर्चा करते हुए अन्नू ने उनके लिए 'दूधिया बदन' शब्द का इस्तेमाल किया था। उनकी उस बातचीत का क्लिप सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ, जिस पर लोगों ने मिली-जुली और तीखी प्रतिक्रियाएं दीं। कुछ लोगों ने अन्नू को जमकर ट्रोल किया।
सफाई
"जानबूझकर नहीं कहा था वो शब्द"
अन्नू ने एक हालिया इंटरव्यू में कहा कि वो टिप्पणी उन्होंने जानबूझकर नहीं, बल्कि गानों का रिव्यू करते समय की थी। अन्नू बोले, "ये सब पिछले साल उनके US टूर के दौरान शुरू हुआ था। उनकी टीम ने एक रियलिटी शो के प्रतियोगियों के लिए 'आज की रात' गाने को एक चुनौती के रूप में चुना था। उत्सुकतावश जब मैंने पहली बार वो वीडियो देखा तो मैं तमन्ना के डांस से काफी प्रभावित हुआ।"
तर्क
हिंदी में कहा तो 'अश्लील', अंग्रेजी में कहता तो 'कूल'- अन्नू
अन्नू ने कहा, "मैंने वीडियो देखा और बस इतना कहा कि वो बहुत अच्छा डांस कर रही हैं। बस इतना ही हुआ था।" उन्होंने इस पूरे विवाद को 'भाषा का खेल' करार देते हुए एक दिलचस्प तर्क दिया है। उनके मुताबिक, अगर उन्होंने वही बात अंग्रेजी में 'मिल्की बॉडी' कहकर कही होती तो शायद किसी को कोई आपत्ति नहीं होती, लेकिन जैसे ही उन्होंने हिंदी के शुद्ध शब्दों का इस्तेमाल किया, लोगों ने उन्हें ट्रोल करना शुरू कर दिया।
माफी
"बुरा लगा तो पैर छूने को भी तैयार हूं"
अन्नू बोले, "मैं बिना किसी इच्छा या चाहत के भी किसी की कद-काठी की सराहना कर सकता हूं। ये दोनों अलग चीजें हैं। जैसे हम किसी सुंदर वस्तु को बिना उसे पाने की इच्छा रखे निहार सकते हैं, वैसे ही एक कलाकार की खूबसूरती को भी सराहा जा सकता है। अगर तमन्ना मुझसे पूछेंगी कि क्या मैंने ऐसा कहा, तो मैं कहूंगा- हां, मैंने कहा और अगर आपको बुरा लगा तो मैं आपके पैर छूने को भी तैयार हूं।"
जानकारी
अपनी बात पर कायम हैं अन्नू
71 वर्षीय अभिनेता ने कहा कि जब एक बुजुर्ग बिना गलत मंशा के माफी मांगता है तो उसमें अश्लीलता नहीं, गरिमा होती है। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनके मन में तमन्ना के प्रति कोई गलत भावना नहीं थी और वो अपनी सफाई पर कायम हैं।