अनिरुद्ध-काव्या के रिसेप्शन कार्ड का शाही अंदाज, 3D नक्काशी ने खींचा सबका ध्यान
संगीतकार अनिरुद्ध रविचंदर और सनराइजर्स हैदराबाद की सह-मालकिन काव्या मारन की शादी के रिसेप्शन का निमंत्रण पत्र इन दिनों सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है। इसकी खास वजह इसका शाही और अनोखा डिजाइन है। यह निमंत्रण एक क्रीम रंग के खूबसूरत डिब्बे में रखा गया है। इस पर फूलों और बेलों की 3D नक्काशी की गई है। साथ ही सिल्वर रंग की सजावट और पुराने जमाने की मुहर इसे खास लुक देती है।
इस खास निमंत्रण को डिजाइनर रंजनी अयंगर ने अपने ब्रांड पिंक व्हिसल मैन के तहत तैयार किया है। उन्होंने अनिरुद्ध और काव्या के साथ मिलकर ऐसा डिजाइन बनाया, जिसे मेहमान शादी के बाद भी यादगार के तौर पर संभालकर रख सकें।
अनिरुद्ध-काव्या के रिसेप्शन कार्ड पर दिखी खास कारीगरी
ये कोई आम निमंत्रण पत्र नहीं है। इसके हर डिब्बे को हाथों से तैयार और पेंट किया गया है। खास प्रिंटिंग तकनीक की मदद से इस पर उभरा हुआ 3-D डिजाइन बनाया गया है। सफेद रंग से खास तरीके से पेंटिंग करने के बाद इसे ये खूबसूरत रूप दिया गया है। इस तरह तैयार हुआ निमंत्रण पत्र अपने आप में एक यादगार तोहफा भी है।
डिजाइनर रंजनी अयंगर के मुताबिक, अनिरुद्ध और काव्या के साथ-साथ उनके परिवारों को भी यह डिजाइन काफी पसंद आया। उनका मकसद ऐसा कार्ड तैयार करना था, जो सबसे अलग हो, लेकिन जरूरत से ज्यादा भव्य या निजी न लगे। सोशल मीडिया पर इसकी चर्चा देखकर लगता है कि उनकी यह कोशिश सफल रही।