अनिल कपूर के साथ घर बैठे खेलिए 'इंडिया के टॉप 1%', जीतिए 1 करोड़
अनिल कपूर 19 सितंबर रात 8 बजे से शुरू होने वाले नए रियलिटी शो 'इंडिया के टॉप 1%' में होस्ट की कुर्सी संभाल रहे हैं।
यह शो अंतर्राष्ट्रीय हिट 'द 1% क्लब' से प्रेरित है, जिसमें 13 राउंड में दिमाग घुमा देने वाली चुनौतियों और सरप्राइज का सामना करने के लिए 100 प्रतियोगी एक साथ आएंगे।
पूरे भारत के दर्शक भी खेल सकते हैं साथ
हर प्रतियोगी 1 लाख रुपये से शुरुआत करता है, लेकिन हर गलत जवाब एक साझा प्राइज पूल को बढ़ा देता है, जो 1 करोड़ रुपये तक पहुंच सकता है।
दर्शक भी घर बैठे इसमें शामिल हो सकते हैं, जिससे यह और भी इंटरैक्टिव बन जाएगा।
अनिल इस प्रोजेक्ट को अपने सबसे रोमांचक कामों में से एक बताते हैं। वे कहते हैं, 'हाल ही में मैंने 'इंडिया के टॉप 1%' के कुछ मॉक शूट किए हैं और मैं अभी से कह सकता हूं कि यह हाल के दिनों में मेरे द्वारा किए गए सबसे रोमांचक प्रोजेक्ट्स में से एक है। 100 प्रतिभागियों के साथ बातचीत करना और उनकी अनोखी कहानियों को जानना सेट पर एक कमाल की ऊर्जा ले आता है। सबसे अच्छी बात यह है कि सिर्फ प्रतिभागी ही नहीं, बल्कि पूरा भारत इस शो को देखते हुए खेल सकता है। दादा-दादी और सास-बहू से लेकर घर के सबसे छोटे सदस्य तक, पूरा परिवार एक साथ अनुमान लगाएगा, मुकाबला करेगा और हंसेगा। अब हर वीकेंड होगा और भी मजेदार जब अक्खा इंडिया एक साथ खेलेगा मेरे साथ।'