LOADING...
अनिल कपूर ने पर्दे पर हिला दी थी सत्ता, पर असल में 'नायक' बनने से कतराए
अनिल कपूर ने क्यों ठुकराए राजनीति के प्रस्ता

अनिल कपूर ने पर्दे पर हिला दी थी सत्ता, पर असल में 'नायक' बनने से कतराए

Feb 15, 2026
06:51 pm

क्या है खबर?

फिल्म 'नायक' में एक दिन के मुख्यमंत्री बनकर पर्दे पर छा जाने वाले अनिल कपूर ने सालों बाद एक बड़ा खुलासा किया है। अभिनेता ने बताया कि फिल्म की सफलता के बाद कई राजनीतिक दलों ने उनसे संपर्क किया और उन्हें राजनीति में आने का न्योता दिया। हालांकि, अनिल ने इन प्रस्तावों को 'जड़ से ही खत्म' कर दिया, क्योंकि वो राजनीति के बजाय अपने अभिनय करियर पर ही ध्यान केंद्रित करना चाहते थे।

खुलासा

"राजनीति आधे मन से नहीं की जा सकती"

इंडियन एक्सप्रेस से अनिल ने कहा, "कुछ चर्चाएं जरूर हुई थीं, लेकिन मैंने उन्हें वहीं (शुरुआत में ही) दबा दिया। राजनीतिक पार्टियां भी बहुत समझदार होती हैं। वो आपको सीधे ऑफर नहीं देतीं, बल्कि किसी और के जरिए संदेश भेजती हैं। उन्हें आभास हो जाता है कि सामने वाला व्यक्ति राजनीति की ओर इच्छुक नहीं है। अगर मैं राजनीति करता तो मुझे इसे बहुत ही ईमानदारी और सच्चाई के साथ करना पड़ता। आप इसे आधे-अधूरे मन से नहीं कर सकते"

दो टूक

"मैंने UN का प्रस्ताव भी ठुकरा दिया"

अनिल बोले, "सच तो ये है कि मुझमें वो क्षमता नहीं थी कि मैं राजनीति को अपना पूरा समय और प्रतिबद्धता दे सकूं। मैं जो कुछ भी करता हूं, उसमें अपना 100 प्रतिशत देना चाहता हूं। 'स्लमडॉग मिलियनेयर' की रिलीज के बाद जब मैं अमेरिका में था, तब संयुक्त राष्ट्र (UN) ने भी मुझे कई बार ब्रांड एंबेसडर बनने के लिए कहा था। कभी-कभार जब आप चर्चा में होते हैं तो दुनिया का हर संगठन आपसे जुड़ना चाहता है।"

Advertisement

फिल्म

'नायक' में अनिल ने 1 दिन के लिए संभाली थी मुख्यमंत्री की कुर्सी

'नायक' की कहानी शिवाजी राव (अनिल) के इर्द-गिर्द घूमती है, जो एक टेलीविजन कैमरामैन से एंकर बनता है। कहानी में मोड़ तब आता है, जब राज्य के मुख्यमंत्री उसे 1 दिन के लिए अपनी कुर्सी संभालने की चुनौती देते हैं। इस एक दिन के अवसर का उपयोग कर शिवाजी राव भ्रष्टाचार, सरकारी कार्यप्रणाली की सुस्ती और राजनीति के छिपे हुए काले सच को जनता के सामने बेनकाब कर देता है और रातों-रात असल जिंदगी में भी 'नायक' बन जाता है।

Advertisement

आगामी फिल्में

कतार में अनिल की ये फिल्में

अनिल के खाते में फिलहाल एक से बढ़कर एक फिल्में हैं। एक तरफ उन्हें अमेजन प्राइम वीडियो पर 'सूबेदार' में देखा जाएगा तो दूसरी ओर उनके पास यशराज फिल्म्स की अल्फा है, जिसमें आलिया भट्ट और शरवरी वाघ मुख्य भूमिका निभा रही हैं। इसके अलावा शाहरुख खान की फिल्म 'किंग' भी उनके खाते से जुड़ी है, जिसमें अनिल अपने किरदार के साथ-साथ अपने अनदेखे अवतार से भी दर्शकों को चौंकाने की पूरी तैयारी में हैं।

Advertisement