LOADING...
'दिल धड़कने दो' में रणबीर कपूर के पिता बनने वाले थे अनिल कपूर
अनिल कपूर ने किया रोचक खुलासा (तस्वीर: इंस्टाग्राम/@anilskapoor )

'दिल धड़कने दो' में रणबीर कपूर के पिता बनने वाले थे अनिल कपूर

Jan 28, 2024
05:52 pm

क्या है खबर?

संदीप रेड्डी वांगा की फिल्म 'एनिमल' हाल ही में नेटफ्लिक्स पर आई है। OTT पर आने के बाद फिल्म फिर से चर्चा में है। फिल्म बाप-बेटे के रिश्ते पर आधारित है, जिसमें अनिल कपूर ने रणबीर कपूर के पिता की भूमिका निभाई है। सिनेमाघरों में रिलीज होने के बाद फिल्म से अनिल और रणबीर के दृश्य सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुए। क्या आप जानते हैं कि कई साल पहले भी अनिल पर्दे पर रणबीर के पिता बनने वाले थे?

खबर

रणबीर के लिए अनिल ने की थी 'दिल धड़कने दो'

नेटफ्लिक्स से बातचीत में रणबीर और अनिल ने कई खास बातें बताईं। उन्होंने खुलासा किया अनिल काफी समय पहले से रणबीर के पिता की भूमिका निभाने के लिए तैयार थे। अनिल ने खुलासा किया कि जोया अख्तर की फिल्म 'दिल धड़कने दो' में अपनी भूमिका के लिए उन्होंने हामी इसलिए भरी थी, क्योंकि पहले उनके बेटे की भूमिका रणबीर निभाने वाले थे। बाद में यह फिल्म रणवीर सिंह को मिल गई थी।

खास बात

अनिल ने रणबीर से कही थी यह बात

रणबीर ने बताया कि अपनी डेब्यू फिल्म 'सांवरिया' की शूटिंग के दौरान वह सोनम कपूर के साथ रिहर्सल करने के लिए अकसर उनके घर जाया करते थे। तब एक बार अनिल ने उनसे कहा था कि वह किसी के पिता की भूमिका नहीं निभाते हैं, लेकिन रणबीर के लिए ऐसा कर सकते हैं। याद दिला दें कि रणबीर और सोनम ने 2007 में संजय लीला भंसाली की फिल्म 'सांवरिया' से बॉलीवुड में डेब्यू किया था।

दिल धड़कने दो

2015 में आई थी 'दिल धड़कने दो'

'दिल धड़कने दो' में शुरुआत में रणबीर और करीना कपूर भाई-बहन की भूमिका में नजर आने वाले थे। बाद में इसमें प्रियंका चोपड़ा और रणवीर की जोड़ी नजर आई थी। जोया की यह फिल्म 2015 में आई थी। यह एक फैमिली ड्रामा फिल्म थी। फिल्म में दिखाया गया था कि कैसे समाज में मान-सम्मान बनाकर रखने के लिए लोग अपने रिश्तों और बच्चों के सपनों का गला घोंट देते हैं। यह फिल्म नेटफ्लिक्स पर देखी जा सकती है।

आगामी फिल्में 

इन फिल्मों के लिए चर्चा में दोनों अभिनेता

'एनिमल' के बाद रणबीर ने फिलहाल कोई नई फिल्म साइन नहीं की है। नितेश तिवारी की बहुचर्चित फिल्म 'रामायण' में उनके राम का किरदार निभाने की चर्चा है। हालांकि, इस फिल्म की कास्ट को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है। अनिल इन दिनों अपनी फिल्म 'फाइटर' के लिए चर्चा में हैं। ऋतिक रोशन और दीपिका पादुकोण की मुख्य भूमिका वाली यह फिल्म 25 जनवरी को सिनेमाघरों में रिलीज हुई है।