अनिल कपूर-नाना पाटेकर की सुपरहिट जोड़ी करेगी वापसी, टाइगर श्रॉफ भी होंगे साथ
क्या है खबर?
'वेलकम यूनिवर्स' की तीसरी कड़ी 'वेलकम टू द जंगल' से अनिल कपूर और नाना पाटेकर गायब थे। अब खबर है कि निर्माता फिरोज नाडियाडवाला 'उदय-मजनू' के रूप में मशहूर इस यादगार जोड़ी को वापस लाएंगे। अहमद खान द्वारा निर्देशित नाडियाडवाला की अगली फिल्म एक जॉम्बी कॉमेडी होने वाली है। इसके लिए उन्होंने अनिल और नाना से संपर्क किया है। इसके अलावा, टाइगर श्रॉफ का नाम भी चर्चा में है, जो फिल्म में एक्शन का तड़का लगाते नजर आएंगे।
योजना
अनिल और नाना को साथ लाने की चल रही तैयारी
बॉलीवुड हंगामा के मुताबिक, नाडियाडवाला ने अपनी फिल्म में अनिल और नाना को बिल्कुल नए किरदार निभाने का प्रस्ताव दिया है। ये किरदार ऐसा होगा, जिसे लोगों ने पहले कभी नहीं देखा होगा।
इस पर बात करते हुए सूत्र ने कहा, "यह 2 लोगों का एक साथ निभाया जाने वाला किरदार है, जिसमें नए जमाने के उदय और मजनू बनने की क्षमता है। अनिल और नाना दोनों ही फिरोज नाडियाडवाला के साथ इस सफर पर निकलने के लिए उत्साहित हैं।"
मकसद
खासतौर पर बच्चों के लिए फिल्म बनाना चाहते हैं नाडियाडवाला
सूत्र ने आगे कहा, "फिल्म फिलहाल लेखन के चरण में है। फिरोज ने इस जॉम्बी-कॉमेडी में मुख्य भूमिका के लिए टाइगर श्रॉफ को फाइनल कर लिया है और अब एक दमदार कलाकारों की टीम के साथ इसे तैयार कर रहे हैं। यह फिल्म भी नाडियाडवाला की पारिवारिक कॉमेडी सीरीज का हिस्सा होगी, क्योंकि उनका मकसद बच्चों के लिए उपयुक्त जॉम्बी-कॉमेडी बनाना है।"
रिपोर्ट के अनुसार, फिल्म की शूटिंग 2027 की शुरुआत में शुरू किए जाने की पूरी उम्मीद है।