ब्रैड पिट से पूरी तरह नाता तोड़ेंगी बेटी जहारा, भाई मैडॉक्स के नक्शे-कदम पर पहुंचीं कोर्ट
क्या है खबर?
हॉलीवुड की पूर्व लोकप्रिय जोड़ी एंजेलिना जोली और ब्रैड पिट का सालों पुराना विवाद अब उनके बच्चों के फैसलों में भी नजर आने लगा है। उनकी गोद ली हुई बेटी जहारा ने अपने पिता से पूरी तरह नाता तोड़ने का मन बना लिया है और वो कानूनी तौर पर अपने नाम से पिता का उपनाम (पिट) हटाने जा रही हैं। माता-पिता के बीच चल रहे इस झगड़े के बीच जहारा का ये कदम हॉलीवुड में काफी सुर्खियां बटोर रहा है।
फैसला
अब सिर्फ कहलाएंगी 'जोली'
रिपोर्ट्स के मुताबिक, एंजेलिना और ब्रैड पिट की बेटी जहारा ने अपने नाम को आधिकारिक तौर पर बदलने के लिए कानूनी दस्तावेज जमा कर दिए हैं। रिपोर्ट में बताया गया है कि 21 साल की हो चुकीं जहारा अब अपना नाम 'जहारा मार्ले जोली-पिट' से बदलकर केवल 'जहारा मार्ले जोली' करना चाहती हैं। हालांकि, उन्होंने अपने नाम से पिता का उपनाम हटाने के इस बड़े फैसले के पीछे की असली वजह का दस्तावेजों में कोई साफ जिक्र नहीं किया है।
अलगाव
कब दी थी जहारा ने अदालत में अर्जी?
आधिकारिक दस्तावेजों के अनुसार, जहारा ने नाम बदलने के लिए कैलिफोर्निया के सुपीरियर कोर्ट में एक याचिका दायर की है। उन्होंने नाम बदलने की यह अर्जी इसी साल 28 अप्रैल को दी थी। ये कदम उन्होंने अपने बड़े भाई 24 वर्षीय मैडॉक्स जोली द्वारा पिता का सरनेम कानूनी तौर पर हटाने के लिए दायर की गई अर्जी के ठीक कुछ दिनों बाद उठाया। साल 2016 में शादी के महज 2 साल बाद एंजेलिना और ब्रैड पिट अलग हो गए थे।
अलगाव
6 में से 3 बच्चों ने फेरा पिता ब्रैड पिट से मुंह
51 वर्षीय एंजेलिना और 62 वर्षीय ब्रैड पिट के कुल 6 बच्चे हैं, जिनमें मैडॉक्स (24), पैक्स (22), जहारा (21), शिलोह (20), और जुड़वां बच्चे नॉक्स और विविएन (दोनों 17) शामिल हैं। स्पेलमैन कॉलेज से ग्रेजुएट जहारा अब तीसरी संतान बन गई हैं, जिन्होंने अपने नाम से 'पिट' सरनेम हटाने के लिए अदालत का रुख किया है। इससे पहले मैडॉक्स और शिलोह भी अपने पिता का उपनाम हटाने की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर चुके हैं।
रिश्ता
बेटी की हर छोटी-बड़ी कामयाबी में साथ खड़ी रहती हैं एंजेलिना
पीपल पत्रिका को मई में एक सूत्र से मिली जानकारी के मुताबिक, एंजेलिना जोली का अपनी बेटी जहारा के साथ एक बेहद खूबसूरत और गहरा रिश्ता है। सूत्र ने यह भी खुलासा किया कि जोली एक मां के तौर पर अपनी हर जिम्मेदारी निभाती हैं और उनकी बेटी जहारा जिस किसी भी चीज या कार्यक्रम का हिस्सा होती हैं, एंजेलिना उसमें अपनी मौजूदगी दर्ज कराने और उसका हौसला बढ़ाने के लिए लगभग हर जगह पहुंचती हैं।