कार्तिक आर्यन-अनीस बज्मी की फिर बनेगी जोड़ी? 'भूल भुलैया 4' पर लगेगा एक और दांव
क्या है खबर?
कार्तिक आर्यन इन दिनों फिल्म 'नागजिला' और 'कैप्टन इंडिया' में व्यस्त चल रहे हैं। कुछ दिन पहले खबर आई थी कि उनकी सुपरहिट फ्रैंचाइजी 'भूल भुलैया' अपनी चौथी कड़ी के साथ वापसी करेगी। इस हॉरर कॉमेडी की दूसरी और तीसरी कड़ी का निर्देशन अनीस बज्मी ने किया था। लगता है कि आने वाली कड़ी के निर्देशन की कमान भी वह खुद संभालने की तैयारी में हैं। बताया जा रहा है कि उन्होंने इसके लिए बातचीत भी शुरू कर दी है।
परियोजना
'भूल भुलैया 4' के लिए विचार-विमर्श शुरू
बॉलीवुड हंगामा से बातचीत में, एक सूत्र ने कहा, "दूसरी और तीसरी कड़ी की तरह, अनीस बज्मी के 'भूल भुलैया 4' से जुड़ने की उम्मीद है। बातचीत जारी है और फिलहाल वित्तीय मामलों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। अनीस कार्तिक को 'रूह बाबा' के किरदार में निर्देशित करेंगे।"
उन्होंने कहा, "भूषण कुमार 'भूल भुलैया' को भारत की सबसे बड़ी फ्रैंचाइजी बनाना चाहते हैं और उन्होंने चौथी किस्त के लिए मूल विचार जुटाने का काम शुरू कर दिया है।"
उत्साह
रूह बाबा का किरदार दोहराना चाहते हैं कार्तिक
सूत्र ने आगे कहा, "कार्तिक भी रचनात्मक प्रक्रिया में शामिल हैं, जिससे चौथी 'भूल भुलैया' फिल्म के लिए सबसे बेहतरीन कहानी तैयार किया जा सके, क्योंकि वह एक बार फिर 'रूह बाबा' की भूमिका निभाने के लिए बेहद उत्साहित हैं।"
अनीस इस वक्त अक्षय कुमार के साथ एक फिल्म की शूटिंग में वयस्त चल रहे हैं। इसके तुरंत बाद, वे 'भूल भुलैया 4' के रचनात्मक कार्यों में जुट जाएंगे। वह 2027 के उत्तरार्ध में शूटिंग का लक्ष्य बना रहे हैं।