Page Loader
'कान्स' में सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का पुरस्कार जीतने वाली पहली भारतीय बनीं अनसूया सेनगुप्ता
अनसूया सेनगुप्ता ने जीता कान्स में पुरस्कार

'कान्स' में सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का पुरस्कार जीतने वाली पहली भारतीय बनीं अनसूया सेनगुप्ता

लेखन पलक
May 25, 2024
09:59 am

क्या है खबर?

'कान्स फिल्म फेस्टिवल' का 77वें संस्करण भारत के लिए बेहद खास रहा है। बॉलीवुड के कई नामी-गिरामी कलाकारों ने महोत्सव में शरीक होकर इसकी शोभा बढ़ाई। इतना ही नहीं 'मंथन' और 'ऑल वी इमेजिन ऐज लाइट' को स्टैंडिंग ओवेशन मिला। अब भारत के लिए एक और गर्व का क्षण आया है। दरअसल, भारतीय अभिनेत्री अनसूया सेनगुप्ता ने कान्स 2024 में सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का पुरस्कार जीता है। बड़ी बात ये है कि वह इस पुरस्कार को जीतने वाली पहली भारतीय हैं।

जीत

सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री बन बढ़ाया देश का मान

कोलकाता की रहने वाली अनसूया ने कान्स 2024 में सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का 'अन सर्टेन रिगार्ड' पुरस्कार जीतकर भारतीयों का सिर गर्व से ऊंचा कर दिया है। अभिनेत्री ने यह पुरस्कार 'द शेमलेस' नामक फिल्म में अपने अभिनय के लिए जीता। इस फिल्म का निर्देशन और लेखन बुल्गेरियाई फिल्म निर्माता कॉन्स्टेंटिन बोजानोव द्वारा किया गया है। फिल्म की कहानी रेणुका (अनसूया) के इर्द-गिर्द घूमती है, जो एक पुलिस अधिकारी की हत्या के बाद दिल्ली के वेश्यालय से भाग जाती है।

इतिहास

अनसूया ने रचा इतिहास

अनसूया ने 'कान्स 2024' में अपनी जीत के साथ इतिहास रच दिया है। दरअसल, वह यह पुरस्कार जीतने वाली पहली भारतीय हैं। ऐसे में उनका नाम हमेशा-हमेशा के लिए इतिहास के पन्नों में दर्ज हो गया है। द कोलकाता से अनसूया ने बताया कि जब उन्हें उनकी फिल्म 'द शेमलेस' के 'कान्स 2024' में चयनित होने की खबर मिली थी तो वह खुशी से उछल पड़ी थीं। उन्होंने खुलासा किया कि उन्हें निर्माता ने यह बताया था।

समर्पित

अनसूया ने इन्हें समर्पित किया अपना पुरस्कार

अनसूया ने अपना पुरस्कार दुनियाभर में समलैंगिक समुदाय और अन्य समुदायों को बहादुरी से एक ऐसी लड़ाई लड़ने के लिए समर्पित किया, जो उन्हें नहीं लड़नी चाहिए। वह बोलीं, "समानता के लिए लड़ने के लिए आपको समलैंगिक होने की जरूरत नहीं है, यह समझने के लिए कि आपको दरकिनार किया जाना दयनीय है, आपको ऐसे समुदाय से होने की जरूरत नहीं है - हमें बस बहुत, बहुत सभ्य इंसान होने की जरूरत है।"

करियर

कुशल प्रोडक्शन डिजाइनर हैं अनसूया

अनसूया ने बेशक सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का पुरस्कार जीता हो, लेकिन उन्हें मुख्य रूप से मुंबई में प्रोडक्शन डिजाइनर के रूप में उनके काम के लिए पहचाना जाता है। वर्तमान में वह गोवा में रहती हैं। उन्होंने मसाबा गुप्ता और नीना गुप्ता के नेटफ्लिक्स शो 'मसाबा मसाबा' में सेट डिजाइनर के रूप में अपना योगदान दिया था। अनसूया मूल रूप से कोलकाता की रहने वाली है और उन्होंने अपनी शिक्षा जादवपुर विश्वविद्यालय से हासिल की है।